
बैकुंठपुर। एक युवक अपनी पत्नी से मारपीट कर रहा था। सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची तो युवक उनसे ही उलझ गया। युवक ने डायल 112 के आरक्षक (Constable beaten) के साथ गाली-गलौज करते हुए उसकी पिटाई शुरु कर दी। चाकू लेकर भी धमकाया। मारपीट के दौरान उसने आरक्षक की वर्दी भी फाड़ दी। इस दौरान मौके पर मौजूद डायल 112 के वाहन चालक और चौकीदार ने उसे बचाया। आरक्षक की रिपोर्ट पर बैकुंठपुर कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
कोरिया जिले के बैकुंठपुर कोतवाली में आरक्षक सुभाष मरकाम ने अपने साथ हुई मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि डायल 112 बैकुंठपुर में ड्यूटी पर तैनात हूं। घटना तिथि 8 नवंबर को रात 9 बजे टीम के साथ बरपारा अटल चौक के पास रास्ता में इवेंट क्लियर करने गए थे। सूचना मिली थी कि कविता नामक महिला से उसका पति दारा चौहान मारपीट कर रहा है।
मौके पर कविता का सहयोग करने रोड पर जाने लगे। उसी समय दारा सिंह मुझे रोककर पूछने लगा कि कहां जा रहे हैं? मैंने इंवेट के मुताबिक कविता के पास सहयोग के लिए जाना बताया। यह बात सुनकर दारा चौहान नाराज हो गया और गाली-गलौज कर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाया। उसे मना करने मुझे हाथ-मुक्का एवं चाकू से मारपीट (Constable beaten case) की।
इसके अलावा उसने झूमाझटकी, धक्का-मुक्की, खिंचातानी व उठा-पटक करते मेरा ड्रेस फाड़ (Torn Uniform) दिया। इस दौरान मौके पर मौजूद डायल 112 चालक आकाश पैकरा एवं चौकीदार चन्द्रभान बीच बचाव करने पहुंचे, लेकिन आरोपी ने उनसे भी मारपीट करते जान से मारने की धमकी दी। फिर हल्ला करने पर बीच बचाव के लिए ग्रामीण भी आए और आरोपी दारा सिंह को पकड़ा गया।
पुलिस (Baikunthpur police) का कहना है कि आरोपी ने शासकीय कार्य करने के दौरान जानबूझकर अपमानित करने की नियत से आम जगह पर गाली-गलौज कर हाथ मुक्का, चाकू से मारपीट कर चोट पहुंचाया। ग्रामीणों एवं पुलिस स्टाफ की मदद से आरोपी दारा सिंह को पकडक़र थाना लाया गया। मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 121(1), 132, 221, 296, 351(3), 352 के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।