
कोटा . जवाहर नगर थाना पुलिस ने शनिवार को हनी ट्रेपिंग कर सेवानिवृत्त आरएएस अधिकारी को ब्लैकमेल करने के मामले में दो पुरुष व दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अंशुमान भौमिया ने बताया कि 25 नवम्बर 2017 को तलवंडी निवासी सेवानिवृत्त आरएएस रामस्वरूप ग्वालेरा ने जवाहर नगर थाने में रिपोर्ट दी थी कि उन्हें दो महिलाएं व दो पुरुष ब्लैकमेल कर रहे हैं।
पुलिस ने अनुंसधान शुरू किया तो मामला हनी ट्रेप का निकला। पुलिस ने आरोपित फिरोज मजी, परवीन, चांदनी उर्फ मुस्कान व मन्नू बेग उर्फ इरफान को गिरफ्तार कर उनके पास से तीन जोड़ी सोने के टॉप्स, अंगूठी व एक मोबाइल बरामद किए हैं। आरोपितों को रविवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
Read More : OMG! यह कैसा सौदा, ऑर्डर लिया और एडवांस पैसे भी लिए फिर सप्लाई से पहले बढ़ा दी कीमतें
हाथ दिखाने के बहाने शुरू कहानी
अनुसंधान अधिकारी सहायक पुलिस निरीक्षक देवकीनंदन ने बताया कि रामस्वरुप ज्योतिष का भी काम करते हैं। इनके घर पर चांदनी उर्फ मुस्कान नौकरानी का काम करती है। ग्वालेरा अपने मकान में अधिकांश अकेले ही रहते हैं। ऐसे में चांदनी ने अपनी सहेली परवनी को ग्वालेरा के पास पैसा अधिक होने व अधिकांशत: घर पर अकेले रहने की जानकारी दी। दोनों ने अपने पति के साथ मिल ग्वालेरा को ब्लैकमेल करने की साजिश रची। 24 नवम्बर को जब ग्वालेरा घर पर अकेले थे तो चांदनी अपनी सहेली के साथ इनके घर पहुंची और उसके जीवन पर संकट चलने व इसके समाधान कराने के लिए हाथ दिखाने की बात कही।
ग्वालेरा इन्हें चौक में बैठाकर अपने कमरे में शौच के लिए चले गए। जैसे ही वे टॉयलेट से बाहर आए तो देखा कि चांदनी उनके कमरे में आ गई और अंदर से कुंदी लगा ली। उन्होंने जबरन कमरे बाहर निकलने की कोशिश की लेकिन कमरा बाहर से भी बंद कर दिया गया था। इसके बाद चांदनी ने चिल्लाने और कपड़े फाडऩे की धमकी दी और बाहर खड़े तीन अन्य को भी कमरे में बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर ऑफिसर को धमकाया और अश्लील फोटो खींच लिए। तीन लाख रुपए की मांग की। मना करने पर ग्वालेरा का पर्स निकाल उसमें से 1670 रुपए निकाल लिए। अलमारी से तीन जोड़ी सोने के टॉप्स, अंगूठी व एक मोबाइल निकाल लिए। रिपोर्ट नहीं देने की धमकी देकर वहां से निकल गए।
सीसीटीवी फुटेज सौंपे
कुछ दिन बार चांदनी का फोन आया और ग्वालेरा से तीन लाख रुपए की मंाग की, नहीं देने पर रिपोर्ट दर्ज कराने की धमकी दी। इस पर ग्वालेरा ने सारे घटनाक्रम की जानकारी अपने बेटे को दी। इसके बाद घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से चारों आरोपितों के फुटेज लेकर जवाहर नगर थाने में ब्लैकमेल करने की रिपोर्ट दर्ज करवाई। शनिवार को आरोपितों को धर लिया गया।
हार्डकोर अपराधी हैं दोनों युवक
पुलिस ने बताया कि हनी ट्रेप मामले में गिरफ्तार फिरोज उर्फ मंजी व मन्नू बेग उर्फ इरफान उद्योग नगर थाने के हार्डकोर अपराधी है। इनके विरुद्ध लूट, मादक पदार्थ सेवन, नकबजनी व मारपीट जैसे 14 मुकदमें दर्ज हैं।