Yellow Alert: राजस्थान में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार 18 से 21 मार्च के बीच प्रदेश में एक नया और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई है।
IMD Warning: कोटा संभाग में आगामी दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 18 से 21 मार्च के बीच एक नया मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। जिसके प्रभाव से संभाग के कई क्षेत्रों में मेघगर्जन, तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। इसको लेकर मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कुछ भागों में मेघगर्जन और हल्की बारिश के कारण तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है। वर्तमान में राज्य के अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है।
विभाग ने बताया कि 17 मार्च को कोटा संभाग सहित अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि इसके बाद मौसम में फिर बदलाव आएगा। 18 से 21 के बीच एक और नया मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। जिससे 18 मार्च को पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में कहीं-कहीं मेघगर्जन, तेज आंधी और हल्की बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है। जबकि कोटा संभाग में मौसम सामान्य और शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 19 और 20 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव सबसे अधिक रहेगा। इस दौरान कोटा संभाग के कुछ इलाकों में मेघगर्जन के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
राजस्थान में 18 मार्च को बीकानेर और जोधपुर में कहीं-कहीं बारिश की संभावना है।
वहीं 19 मार्च को जयपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर, भरतपुर, बीकानेर और जोधपुर संभाग में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।
साथ ही 20 मार्च को जयपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर, बीकानेर और जोधपुर संभाग में बारिश होने की संभावना है। हालांकि 21 मार्च से मौसम शुष्क रहने की संभावना है।