कोटा

17 जून को राहुल गांधी कोटा से करेंगे ‘राष्ट्रव्यापी संवाद कार्यक्रम’ की शुरुआत, तैयारियों के लिए पहुंची AICC की टीम

Kota News: देशभर में पेपर लीक, परीक्षा अनियमितताओं और बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर कांग्रेस बड़ा अभियान शुरू करने जा रही है। इसकी शुरुआत 17 जून को कोटा से होगी। जिसकी तैयारियों के लिए AICC की टीम कोटा पहुंच गई है।

2 min read
Jun 13, 2026
Rahul Gandhi
पेपर लीक मामले में स्टूडेंट से बात करते राहुल गांधी (फोटो: पत्रिका)

Rahul Gandhi Nationwide Campaign: कांग्रेस पार्टी देशभर में पेपर लीक, परीक्षा अनियमितताओं, बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर बड़ा आंदोलन शुरू करने जा रही है। इस अभियान की शुरुआत 17 जून को राजस्थान के कोटा जिले से होगी। राहुल गांधी कोटा पहुंचकर स्टूडेंट और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से सीधा संवाद करेंगे।

कोटा से करेंगे शुरुआत

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने इस अभियान की घोषणा करते हुए बताया कि 'राहुल गांधी देश के विभिन्न शहरों में छात्र सम्मेलनों को संबोधित करेंगे। कोटा जिले से शुरुआत करते हुए वह युवाओं और प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों से सीधा संवाद करेंगे। पहले चरण में कोटा के बाद 10 जुलाई को इलाहाबाद, 11 जुलाई को पटना और 14 जुलाई को दिल्ली में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।'

कांग्रेस का कहना है कि लगातार हो रहे पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों और बढ़ती बेरोजगारी से देश के करोड़ों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। इसी मुद्दे को लेकर पार्टी छात्रों, अभ्यर्थियों, शिक्षकों और युवा संगठनों को जोड़ने का अभियान चलाएगी।

कोटा आने का दिया था निमंत्रण

कोटा जिला कांग्रेस अध्यक्ष राखी गौतम और कोटा देहात कांग्रेस अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने बताया कि देश की कोचिंग सिटी कोटा से इस राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत करने का निर्णय लिया। वह हाल ही में पुष्कर में आयोजित सम्मेलन के दौरान राहुल गांधी को कोटा आने का निमंत्रण भी दिया था। इस अभियान के माध्यम से देशभर के छात्रों को जोड़ा जाएगा और उनकी समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया जाएगा।

जगह फाइनल करने कोटा पहुंची AICC की टीम

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और AICC की टीम भी कोटा पहुंच गई है। सभा स्थल को अंतिम रूप देने के लिए 4 स्थानों पर विचार किया जा रहा है। इनमें

  1. नेवाजी पैलेस कुन्हाड़ी,
  2. श्रीनाथपुरम स्टेडियम,
  3. श्रीराम रंगमंच दशहरा मैदान और
  4. दादाबाड़ी क्षेत्र शामिल हैं। जल्द ही इनमें से किसी एक स्थान को अंतिम रूप दिया जाएगा। कोटा में कांग्रेस की पूरी टीम प्रोग्राम की तैयारी में जुट गई है।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी इस अभियान का समर्थन करते हुए ट्वीट किया है कि 'मोदी सरकार की शिक्षा व्यवस्था की विफलताओं के खिलाफ कांग्रेस देशव्यापी आंदोलन चलाएगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा, रोजगार और युवाओं के भविष्य की लड़ाई लगातार जारी रहेगी।'

Updated on:
13 Jun 2026 02:58 pm
Published on:
13 Jun 2026 02:55 pm