कोटा

कोचिंग छात्रा का पीछा करने वाला गिरफ्तार, प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए कोटा में रिश्तेदारों के रह था आरोपी

नाबालिग छात्रा का पांच दिन तक पीछा करने और उसे जबरन कार में बैठाने के प्रयास के मामले में पुलिस ने आरोपी रामरूप मीणा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर मामले की आगे जांच कर रही है।
2 min read
Sep 11, 2026
kota crime news
आरोपी रामरूप मीणा व जब्त की गई दो गाड़ी। फोटो: पत्रिका

कोटा। नाबालिग छात्रा का पांच दिन तक पीछा करने और उसे जबरन कार में बैठाने के प्रयास के मामले में पुलिस ने आरोपी रामरूप मीणा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ उसकी सफेद कार भी जब्त की है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर मामले की आगे जांच कर रही है। सीआइ अजीत बागडोलिया के अनुसार छात्रा ने परिजनों को बताया था कि पिछले कुछ दिनों से उसका दो वाहनों से पीछा किया जा रहा था। इनमें सफेद कार और काली कार शामिल थी।

7 सितंबर को सफेद कार सवार युवक पर छात्रा का पीछा करने के बाद उसका हाथ पकड़कर जबरन कार में खींचने का प्रयास करने का आरोप लगा था। छात्रा किसी तरह अपना हाथ छुड़ाकर वहां से भागी और घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी थी। घटना के बाद पुलिस ने छात्रा द्वारा बताए गए संदिग्ध वाहनों के नंबर के आधार पर जांच शुरू की। सफेद कार के संबंध में जानकारी जुटाने पर सामने आया कि यह कार आरोपी रामरूप मीणा की ही है। आरोपी मूल रूप से सवाईमाधोपुर का रहने वाला है और कोटा में अपने रिश्तेदार के यहां रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था।

रिश्तेदार से मांगकर ले गया था काली कार

जांच में यह भी सामने आया कि छात्रा का पीछा करने में इस्तेमाल की गई काली कार आरोपी की खुद की नहीं थी। आरोपी यह कार अपने एक रिश्तेदार से मांगकर लेकर गया था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि काली कार का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया गया और घटना के दौरान आरोपी के साथ कोई अन्य व्यक्ति भी मौजूद था या नहीं। पुलिस ने यह कार भी जब्त कर ली है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

मामले में पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि छात्रा का पीछा करने के पीछे आरोपी का उद्देश्य क्या था और पूरे घटनाक्रम में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।

Updated on:
11 Sept 2026 09:58 am
Published on:
11 Sept 2026 09:58 am