
कोटा। रामगंजमंडी शहर में महिलाओं के गले से सोने की चेन झपटने की घटनाओं पर अब तक पुलिस कोई ठोस सुराग नहीं जुटा पाई है। इसी बीच सोमवार को एक और वारदात ने लोगों की चिंता बढ़ा दी। इस बार बाइक सवार बदमाशों ने शहर के सबसे व्यस्त बाजार नंबर-4 में दिनदहाड़े एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। जानकारी के अनुसार हेमलता रत्नावत अपनी विवाहित पुत्री संजना तथा एक अन्य महिला के साथ बाजार नंबर-2 स्थित घर से खरीदारी के लिए निकली थीं।
यह वीडियो भी देखें
तीनों महिलाएं जब बाजार नंबर-4 में माल गोदाम चौराहे के पास पहुंचीं, तभी पीछे से आए एक बाइक पर सवार दो युवकों ने वारदात को अंजाम दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक चला रहे युवक ने अचानक संजना के गले में पहनी सोने की चेन पर झपट्टा मारा और उसे तोड़कर साथी के साथ मौके से फरार हो गया। घटना इतनी तेजी से हुई कि महिलाएं संभल भी नहीं पाईं। खास बात यह रही कि दोनों आरोपियों ने अपने चेहरे नहीं ढक रखे थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अब शहर के प्रमुख मार्गों और बाजारों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों के आने-जाने के रास्तों का पता लगाया जा सके। पुलिस उपाधीक्षक घनश्याम मीणा भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
कोटा के रामगंजमंडी शहर में चेन स्नैचिंग की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले गोरधननाथ मंदिर क्षेत्र में घर लौट रही एक बुजुर्ग महिला के गले से भी चेन तोड़ी जा चुकी है। वहीं कृषि उपज मंडी से घर लौट रही रमेश पोरवाल की पत्नी भी ऐसी ही वारदात का शिकार हुई थीं। इसके अलावा अग्रसेन अतिथि गृह के सामने एक विवाह निकासी के दौरान दूल्हे की माता के गले से हार झपटकर बदमाश फरार हो गए थे। इन मामलों में अब तक कोई उल्लेखनीय बरामदगी नहीं हो सकी है।
पुलिस को शुरुआती जांच में आशंका है कि बदमाशों ने महिला की पहले से रेकी की थी और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दिया। हालांकि संजना के गले से छीनी गई सोने की चेन का वजन और कीमत अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।