BSTC Exam 2026 Big Changes: प्री डीएलएड परीक्षा 2026 को इस बार और अधिक पारदर्शी व नकलमुक्त बनाने के लिए बड़े बदलाव किए गए हैं। वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय, कोटा द्वारा 20 मई को होने वाली इस परीक्षा में पहली बार एआई आधारित लाइव मॉनिटरिंग सिस्टम लागू किया जा रहा है।
AI Monitoring In BSTC Pre D.El.Ed Exam 2026: वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय कोटा द्वारा प्री डीएलएड परीक्षा-2026 का आयोजन 20 मई को प्रदेशभर में दो पारियों में किया जाएगा। परीक्षा को पारदर्शी, नकलमुक्त और व्यवस्थित बनाने के लिए पहली बार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) आधारित निगरानी व्यवस्था लागू की गई है। परीक्षा के लिए 6 लाख 5 हजार 242 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। परीक्षा के लिए 41 जिलों में 887 केंद्र बनाए हैं। विश्वविद्यालय के कुलगुरु एवं परीक्षा के मुख्य समन्वयक प्रो. बीएल वर्मा ने बताया कि परीक्षा में डमी परीक्षार्थियों और नकल माफिया पर रोक लगाने के लिए हाई-टेक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।
जयपुर के कॉमर्स कॉलेज में अत्याधुनिक स्टेट कमांड सेंटर स्थापित किया गया है, जहां से सभी परीक्षा केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी।
सभी केंद्रों को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है और उनकी लाइव फीड सीधे कमांड सेंटर तक पहुंचेगी। यहां तैनात आइटी एवं एआइ विशेषज्ञ संदिग्ध गतिविधियों पर रियल टाइम नजर रखेंगे। एआइ सॉफ्टवेयर किसी भी संदिग्ध गतिविधि की पहचान कर तत्काल अलर्ट जारी करेगा, जिसके बाद संबंधित केंद्राधीक्षक को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।
परीक्षा दो पारियों में आयोजित होगी। पहली पारी सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पारी दोपहर 2.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक चलेगी। परीक्षार्थियों को पहली पारी के लिए सुबह 7.30 बजे से 8.30 बजे तक तथा दूसरी पारी के लिए दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक ही प्रवेश दिया जाएगा। गेट बंद होने के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
प्रो. वर्मा ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग, सीसीटीवी जांच और बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा। सभी अभ्यर्थियों को पर्सनलाइज्ड ओएमआर शीट उपलब्ध कराई जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और धातु निर्मित वस्तुओं पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। परीक्षार्थी अपने प्रवेश पत्र आधिकारिक वेबसाइट प्री डीएलएड 2026 पोर्टल से डाउनलोड कर सकते हैं।