
Illegal Encroachments Removed In Kota: कोटा विकास प्राधिकरण (केडीए) ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम तीरथ स्थित अपनी 21.4241 हेक्टेयर भूमि से अवैध अतिक्रमण हटा दिया। केडीए सचिव मुकेश कुमार चौधरी ने बताया कि लंबे समय से इस भूमि पर अतिक्रमियों ने कब्जा कर रखा था। आयुक्त के निर्देश पर केडीए अधिकारी और अतिक्रमण निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और सख्ती से कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माणों को हटाया गया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई।
अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने कार्रवाई के दौरान कई खसरों की जमीन को कब्जामुक्त कराया। इसमें खसरा संख्या 1178 (5.18 हेक्टेयर), खसरा संख्या 1179 (3.2132 हेक्टेयर), खसरा संख्या 3734/2356 (4.7753 हेक्टेयर), खसरा संख्या 3736/1087 (6.3131 हेक्टेयर) और खसरा संख्या 1173 (1.9425 हेक्टेयर) शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार यह पूरी भूमि केडीए की है, जिस पर अवैध कब्जा कर लिया गया था।
कार्रवाई पूरी होने के बाद प्राधिकरण ने उक्त जमीन पर अपना स्वामित्व दर्शाने के लिए बोर्ड भी लगा दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में इस भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। केडीए का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
केडीए आयुक्त ने चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग प्राधिकरण की भूमि पर अवैध कब्जा किए हुए हैं, वे स्वयं ही कब्जा हटा लें, अन्यथा उनके खिलाफ संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरी कार्रवाई के दौरान तहसीलदार सुरेन्द्र शर्मा, भू-अभिलेख निरीक्षक हरीश कुमार गुप्ता, मुरलीधर पारेता, पटवारी अमित कुमार सहित प्राधिकरण का पुलिस जाप्ता मौके पर मौजूद रहा। प्रशासन की मौजूदगी में शांतिपूर्ण तरीके से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी की गई।