कोटा

पीपल्दा विधायक समेत 28 लोगों के खिलाफ केस दर्ज, CID-CB करेगी नगरपालिका अध्यक्ष चुनाव के दौरान हुए हंगामे की जांच

सुल्तानपुर नगरपालिका अध्यक्ष चुनाव के दौरान 21 सितंबर को हुए हंगामे के मामले में पुलिस ने पीपल्दा विधायक चेतन पटेल समेत 28 नामजद और करीब 200 से 300 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
2 min read
Sep 24, 2026
Chetan Patel MLA
सुल्तानपुर पुलिस थाने के अंदर पुलिस से कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी का विरोध करते पीपल्दा विधायक। पत्रिका फाइल फोटो

कोटा। सुल्तानपुर नगरपालिका अध्यक्ष चुनाव के दौरान 21 सितंबर को हुए हंगामे के मामले में पुलिस ने पीपल्दा विधायक चेतन पटेल समेत 28 नामजद और करीब 200 से 300 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर राजकार्य में बाधा डालने और थाने के बाहर रास्ता रोककर यातायात बाधित करने का आरोप लगाया है। विधायक से जुड़ा मामला होने के कारण इसकी जांच सीआइडी-सीबी को सौंपी जाएगी। थानाधिकारी दौलत साहू की रिपोर्ट के अनुसार, मतदान के लिए भाजपा पार्षदों को लेकर आ रही मिनी बस को कुछ लोगों ने पुलिस सुरक्षा को तोड़कर घेर लिया।

इस दौरान नारेबाजी करते हुए बस चालक को नीचे उतारने और चाबी छीनने का प्रयास किया गया। आरोप है कि इसी दौरान किसी व्यक्ति ने बस पर पत्थर फेंका, जिससे बस का शीशा टूट गया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए बस को सुल्तानपुर पालिका परिसर पहुंचाया और भाजपा पार्षदों को मतदान के लिए रवाना किया। इस घटनाक्रम को लेकर पालिकाध्यक्ष अनीता मेघवाल की शिकायत पर भी अलग से प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब दोनों मामलों में दर्ज आरोपों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।

पुलिसकर्मियों को डराने-धमकाने की कोशिश

पुलिस के अनुसार, इसके बाद विधायक चेतन पटेल समर्थकों के साथ थाने पहुंचे। यहां उन्होंने हिरासत में लिए गए आठ लोगों को छोड़ने की मांग की। पुलिस का आरोप है कि भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने अस्थायी हवालात की चाबी छीनने का प्रयास किया और पुलिसकर्मियों को डराने-धमकाने की कोशिश की। पुलिस ने समझाइश कर प्रदर्शनकारियों को शांत कराया, जिसके बाद थाना परिसर में चल रहा धरना समाप्त हो गया। हालांकि, धरना समाप्त होने के बाद विधायक समर्थक सड़क पर बैठ गए। इससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। पुलिस के मुताबिक करीब 20 मिनट बाद प्रदर्शनकारी सड़क से हटे, जिसके बाद रास्ता खुला और यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।

विधायक बोले- पुलिस व्यवस्था का फेल्योर

विधायक पटेल ने मुकदमे को झूठा बताते हुए पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उन्हें मतदान केंद्र जाने से रोका गया, जबकि भाजपा नेताओं और पार्षदों की गाड़ियों को अंदर जाने दिया गया। इसी दौरान पथराव हुआ। पटेल ने पथराव के स्पष्ट फुटेज सामने लाने और निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज और बेवजह हिरासत में लेने का आरोप भी लगाया।