कोटा

Success Story: डॉक्टर माता-पिता की बेटी के CBSE 10th में आए 99.6%, जानें कोटा की अवनी आर्य की सक्सेस स्टोरी

Avni Arya Got 99.6%: अवनी ने पत्रिका से विशेष बातचीत में बताया कि उसने रेगुलर 2 से 3 घंटे सेल्फ स्टडी की। पढ़ाई के लिए गुरुजनों और माता-पिता का पूरा सहयोग मिला। स्कूल और घर पर रिवीजन के साथ डाउट भी क्लीयर किए।

2 min read
Apr 16, 2026
Avni Arya Kota
परिवार के साथ अवनी आर्य (फोटो: पत्रिका)

शिक्षा नगरी कोटा के तलवंडी क्षेत्र निवासी अवनी आर्य ने 99.6 फीसदी अंक प्राप्त कर टॉप किया है। अवनी ने गणित, विज्ञान और आइटी में परफेक्ट स्कोर अर्जित किया है। माता-पिता दोनों डॉक्टर हैं, लेकिन वह आइआइटीयन बनना चाहती है। पिता आशुतोष आर्य रेडियोलॉजिस्ट और माता वर्षा आर्य पैथोलॉजिस्ट हैं।

मॉडर्न स्कूल की छात्रा अवनी ने पत्रिका से विशेष बातचीत में बताया कि उसने रेगुलर 2 से 3 घंटे सेल्फ स्टडी की। पढ़ाई के लिए गुरुजनों और माता-पिता का पूरा सहयोग मिला। स्कूल और घर पर रिवीजन के साथ डाउट भी क्लीयर किए। पूरे कोर्स का बार-बार रिवीजन करने से उन्हें यह बड़ी सफलता मिली। पढ़ाई के साथ बेडमिंटन खेलना पसन्द है। इसका पसंदीदा विषय गणित और विज्ञान है। इस सफलता का श्रेय गुरुजनों, माता-पिता व परिवार के सदस्यों को देना चाहती है।

ये बताया सक्सेस मंत्र

स्टूडेंट्स के लिए उनका संदेश है कि गीता के ज्ञान को फॉलो करते हुए बिना फल की आशा के लगातार मेहनत करते रहो। सफलता जरूर मिलेगी।

सीबीएसई 10वीं सेशन-1 : कोटा का परिणाम 95 फीसदी से अधिक

केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने बुधवार शाम कक्षा 10वीं सेशन-1 का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया। परिणाम जारी होने के साथ ही विद्यार्थियों में खुशी की लहर दौड़ गई। इधर, स्कूल प्रशासन की ओर से विद्यालयों में मेधावी विद्यार्थियों का ढोल-ढमाकों से स्वागत किया गया। कोटा में 10वीं सेशन-1 का परिणाम 95 फीसदी से अधिक रहा है।

प्राइवेट स्कूल वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष संजय शर्मा ने बताया कि कोटा जिले में 91 सीबीएसई विद्यालय है। इसमें से 95 प्रतिशत से अधिक परिणाम रहा है। इस वर्ष 10वीं की परीक्षा 17 फरवरी से शुरू हुई थी। कोटा जिले से कुल 8082 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें 240 प्राइवेट परीक्षार्थी भी शामिल रहे। जिले में 24 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। कोटा जिला अजमेर रीजन के अंतर्गत आता है। खास बात यह रही कि पहली बार परीक्षा परिणाम अप्रेल माह में घोषित किया गया है, जबकि पिछले साल 2025 में 13 मई को दसवीं का परीक्षा परिणाम जारी किया गया था।

स्कूलों से घरों तक खुशियों का माहौल

परिणाम जारी होते ही अच्छे अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में खुशी का माहौल रहा। रिजल्ट घोषित होते ही बड़ी संख्या में विद्यार्थी अपने अंक जानने के लिए सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर पहुंचे, जिससे साइट पर दबाव की स्थिति बनी रही। जिन विद्यार्थियों ने बेहतर प्रदर्शन किया, उनका स्कूल प्रशासन की ओर से माला पहनाकर और मुंह मीठा कराकर स्वागत व सम्मान किया गया।

अजमेर रीजन 10वें स्थान पर

सीबीएसई के परिणामों में अजमेर रीजन देशभर के 22 रीजंस में 10वें स्थान पर रहा। पहले गुजरात और राजस्थान दोनों ही इस रीजन के अंतर्गत आते थे, लेकिन हाल ही अहमदाबाद में नए रीजन के गठन के बाद दोनों राज्यों को अलग कर दिया गया। इस बदलाव के बाद गुजरात ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए 8वां स्थान हासिल किया, जबकि राजस्थान 10वें स्थान पर रहा। यह परिणाम क्षेत्रीय प्रदर्शन में बदलाव को दर्शाता है, जबकि पिछले साल 2025 में अजमेर रीजन छठे स्थान पर था।

सेशन-2 परीक्षा 15 मई से

सीबीएसई ने 10वीं कक्षा की सेशन-2 परीक्षाओं का कार्यक्रम भी जारी कर दिया है। ये परीक्षाएं 15 मई 2026 से शुरू होकर 1 जून 2026 तक आयोजित की जाएंगी। ‘टू बोर्ड सिस्टम’ के तहत आयोजित इस परीक्षा में विद्यार्थियों को अपने अंकों में सुधार का अवसर मिलेगा। छात्र अधिकतम तीन विषयों में अंक सुधार सकते हैं। वहीं, दो विषयों में अनुत्तीर्ण छात्र कंपार्टमेंट श्रेणी में परीक्षा दे सकेंगे। हालांकि, तीन या उससे अधिक विषयों में अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों को वर्ष 2027 की मुख्य परीक्षा में शामिल होना होगा।

Published on:
16 Apr 2026 10:18 am