कोटा

Accident: महाकाल दर्शन करने जा रहे डेढ़ साल के मासूम की दर्दनाक मौत, दिल्ली से उज्जैन जा रहे परिवार की पलटी कार, 5 घायल

Car Accident: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर उज्जैन महाकाल के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं की कार पलटने से बड़ा हादसा हो गया। दुर्घटना में डेढ़ साल के मासूम की दर्दनाक मौत हो गई।
2 min read
Apr 06, 2026
Car accident
Demo pic: Patrika

Accident On Delhi - Mumbai Expressway: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भानपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत नीमथूर के पास उज्जैन महाकाल के दर्शन करने जा रहे दिल्ली निवासी श्रद्धालुओं की कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि पीछे से आ रही एक अन्य कार भी इस दुर्घटनाग्रस्त कार से टकरा गई। दोहरी दुर्घटना में डेढ़ वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार दिल्ली से कुछ श्रद्धालु शनिवार रात को कार से उज्जैन में महाकाल के दर्शन करने के लिए रवाना हुए थे। उनकी कार भानपुरा के नीमथूर के पास पहुंची तो अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया और तेज रफ्तार कार सड़क पर ही पलट गई।

इसी दौरान पीछे से आ रही एक अन्य कार भी अनियंत्रित होकर पलटी हुई कार से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों में सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर चीख-पुकार सुनाई देने लगी।

हादसे के बाद आसपास से गुजर रहे राहगीरों और अन्य वाहन चालकों ने तुरंत मदद के लिए गाड़ियां रोकी और घायलों को क्षतिग्रस्त कारों से बाहर निकाला। कुछ लोग कारों में फंस गए थे, जिन्हें काफी प्रयास के बाद बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलने पर एम्बुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को एम्बुलेंस की मदद से प्राथमिक उपचार के लिए भानपुरा अस्पताल पहुंचाया गया।

झालावाड़ जिला अस्पताल में किया रेफर

घायलों की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें झालावाड़ के एसआरजी (SRG) अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। हादसे में एक डेढ़ वर्षीय बालक की मौत हो गई, जिससे परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

घायलों में दिल्ली निवासी कृष्णा, श्रेय, प्रांजल और साहिल शामिल हैं, जिनका उपचार जारी है। वहीं दूसरी कार में सवार तीन लोगों में से हरिशंकर कुमार को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हादसे की जानकारी लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Updated on:
06 Apr 2026 10:14 am
Published on:
06 Apr 2026 10:14 am