कोटा

Kota Crime: पुरानी रंजिश में चाकू से जानलेवा हमला, ट्रैफिक पुलिस ने एक बदमाश को दबोचा, 3 आरोपी फरार

कोटा के घोड़े वाले बाबा चौराहे पर पुरानी रंजिश के चलते 4 बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। ट्रैफिक पुलिस ने बहादुरी दिखाते हुए एक आरोपी को मौके से दबोच लिया और तीन अन्य आरोपी फरार हैं।
2 min read
Jul 27, 2026
Kota Stabbing Case
बदमाश को दबोचा (फोटो: पत्रिका)

Knife Attack In Kota: कोटा के गुमानपुरा थाना क्षेत्र स्थित घोड़े वाले बाबा चौराहे के पास एक युवक पर बदमाशों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पुरानी रंजिश के चलते हुए इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के दौरान मौके पर ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने बहादुरी दिखाते हुए एक आरोपी को पकड़ लिया और उसके 3 साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

4 बदमाश कर रहे थे पीछा

जानकारी के अनुसार कैथूनीपोल निवासी रंजीत सोलंकी रात अपना काम खत्म करने के बाद स्कूटी से गुमानपुरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार चार बदमाश उसका पीछा करने लगे। बदमाशों को पीछे आते देख रंजीत ने स्कूटी की रफ्तार बढ़ा दी लेकिन घोड़े वाले बाबा चौराहे के पास बदमाशों ने उसे घेर लिया और चाकू से हमला शुरू कर दिया।

हमले के दौरान एक चाकू रंजीत के पैर में लगा जिससे वह स्कूटी समेत सड़क पर गिर गया। इसके बाद भी बदमाशों ने उस पर लगातार चाकू से वार किए। हमले में रंजीत के शरीर पर कई चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल युवक को तुरंत संभाला और उसे उपचार के लिए एमबीएस अस्पताल पहुंचाया जहां उसका इलाज जारी है।

फरार हो गए 3 आरोपी

घटना के समय चौराहे पर ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक हेड कॉन्स्टेबल राकेश मीणा और राजाराम बिश्नोई ने बदमाशों को हमला करते देखा। दोनों पुलिसकर्मी तुरंत युवक की मदद के लिए दौड़े। पुलिसकर्मियों को अपनी ओर आता देख तीन आरोपी मौके से भाग निकले कर दोनों जवानों ने एक आरोपी आशु को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी के पास से पुलिस ने दो चाकू बरामद किए हैं।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने पुलिसकर्मियों को डराने के लिए चाकू लहराने की कोशिश की लेकिन जवानों ने उसे काबू कर लिया। सूचना मिलने के बाद कोटा जिले की गुमानपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।

पुरानी रंजिश में हुआ हमला

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया। दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था और इसी कारण बदमाशों ने युवक को निशाना बनाया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार तीनों आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Updated on:
27 Jul 2026 12:30 pm
Published on:
27 Jul 2026 12:24 pm