
कोटा। नगर निकाय चुनाव की ड्यूटी के दौरान कोटा पुलिस के एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआइ) की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। आरकेपुरम थाने में तैनात एएसआइ राधेश्याम सांखला की गुरुवार को ड्यूटी के दौरान सीने में तेज दर्द उठा। साथी पुलिसकर्मी उन्हें तत्काल झालावाड़ रोड स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
आरकेपुरम थानाधिकारी दिग्विजय सिंह गुर्जर ने बताया कि नगर निकाय चुनाव को लेकर एएसआइ राधेश्याम सांखला की मोबाइल पेट्रोलिंग पार्टी में ड्यूटी लगाई गई थी। गुरुवार सुबह करीब 9 बजे ड्यूटी के दौरान अचानक उनके सीने में दर्द हुआ और तबीयत बिगड़ गई। मौके पर मौजूद साथी पुलिसकर्मियों ने बिना देरी किए उन्हें अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन उनकी हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका।
राधेश्याम सांखला मूलरूप से बारां जिले के रहने वाले थे और लंबे समय से कोटा शहर में परिवार के साथ बालाकुंड शिवपुरा क्षेत्र में रह रहे थे। उन्होंने कोटा शहर के कई पुलिस थानों में अपनी सेवाएं दी थीं। वे नयापुरा, कुन्हाड़ी, दादाबाड़ी और आरकेपुरम समेत कई थानों में तैनात रहे। पदोन्नति के बाद उन्हें आरकेपुरम थाने में जिम्मेदारी दी गई थी।
सांखला को पुलिस सेवा के दौरान गैलंट्री अवॉर्ड और प्रमोशन भी मिल चुका था। वर्ष 2021 में कोविड काल के दौरान कुन्हाड़ी थाने में तैनाती के दौरान उन्होंने साहस और तत्परता का परिचय दिया था। अप्रैल 2021 में चंबल नदी की पुलिया से नीचे कूदे एक युवक को बचाने के लिए उन्होंने तत्काल कार्रवाई की। साथी चालक चेतराम चौधरी के साथ मिलकर उन्होंने नदी की गहराई से युवक को सुरक्षित बाहर निकाला था।
एएसआइ राधेश्याम सांखला के निधन की सूचना मिलने के बाद कोटा सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम, एडिशनल एसपी सुभाष चंद्र मिश्रा सहित कई पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और सांखला के निधन पर शोक व्यक्त किया।
चुनाव ड्यूटी के दौरान हुई इस घटना से पुलिसकर्मियों में भी गहरा दुख है। अधिकारियों और जवानों ने दिवंगत एएसआइ के पुलिस सेवा में योगदान और उनके कर्तव्य के प्रति समर्पण को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी। पुलिस की ओर से मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।