
Jaipur: पुलिस की गिरफ्त में आरोपी और बरामद मोटरसाइकिलें (फोटो-पत्रिका)
जयपुर। शहर में लगातार हो रही वाहन चोरी की वारदातों के बीच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। प्रताप नगर थाना पुलिस की कार्रवाई में आरोपियों से पूछताछ के बाद करीब 80 मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 51 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों में सवाई माधोपुर जिले के मलारना डूंगर क्षेत्र निवासी शेर सिंह और कमलजीत उर्फ कमल शामिल हैं।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि शहर में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं की रोकथाम और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पारस जैन के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त सांगानेर जयपुर पूर्व दीपक खंडेलवाल के सुपरविजन में प्रताप नगर थानाधिकारी विक्रांत शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।
टीम में हेड कांस्टेबल सूरजमल, कांस्टेबल केदारमल और कांस्टेबल दिलीप को शामिल किया गया। पुलिस टीम ने वाहन चोरी की घटनाओं वाले स्थानों और संभावित हॉटस्पॉट को चिह्नित किया। इसके बाद करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और संदिग्धों पर निगरानी शुरू की गई। इस दौरान पुलिस टीम को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शेर सिंह पुत्र हरिमोहन, उम्र 26 वर्ष, निवासी गांव तारणपुर, थाना मलारना डूंगर, जिला सवाई माधोपुर और कमलजीत उर्फ कमल पुत्र दुर्गालाल, उम्र 33 वर्ष, निवासी गांव रामड़ी, थाना मलारना डूंगर, जिला सवाई माधोपुर को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने जयपुर शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से करीब 80 मोटरसाइकिल चोरी करने की बात कबूल की। पुलिस के अनुसार आरोपी मुहाना और सांगानेर इलाके में किराए का कमरा लेकर रहते थे और कैटरिंग का काम करते थे। अधिक कमाई के लालच में दोनों ने वाहन चोरी का प्लान बनाया। वे पहले सुनसान स्थानों पर खड़ी मोटरसाइकिलों की रेकी करते और मौका मिलते ही हैंडल लॉक तोड़कर तार जोड़कर बाइक स्टार्ट कर ले जाते थे। इसके बाद नंबर प्लेट तोड़कर फेंक देते और चोरी की बाइक को बेचने के लिए अलग-अलग जगहों पर छिपाकर रखते थे।
मामले का खुलासा एक मोटरसाइकिल चोरी की रिपोर्ट से भी जुड़ा है। 22 जुलाई को गिर्राज प्रसाद सैनी ने प्रताप नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि RUHS अस्पताल के गेट नंबर 3 के पास खड़ी उनकी मोटरसाइकिल चोरी हो गई। पुलिस ने अनुसंधान के दौरान आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की बाइक भी बरामद कर ली।
पुलिस के मुताबिक कमलजीत के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से 8 मुकदमे दर्ज हैं और वह कई मामलों में स्थायी गिरफ्तारी वारंटों में फरार चल रहा था। उसके खिलाफ वाहन चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में मामले दर्ज रहे हैं। वहीं शेर सिंह के खिलाफ मलारना डूंगर थाने में मारपीट का मामला दर्ज है।
जांच में यह भी सामने आया कि जयपुर से चोरी की गई चार मोटरसाइकिलें सवाईमाधोपुर जिले के मलारना डूंगर, खंडार और सुरवाल थाना क्षेत्रों में भी जब्त हो चुकी हैं। पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों में चोरी किए गए वाहनों की बरामदगी और पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।
इस कार्रवाई में कांस्टेबल केदारमल की विशेष भूमिका रही। प्रताप नगर थाना पुलिस की टीम में थानाधिकारी विक्रांत शर्मा, हेड कांस्टेबल सूरजमल, कांस्टेबल केदारमल और कांस्टेबल दिलीप शामिल रहे।
Updated on:
10 Sept 2026 06:22 pm
Published on:
10 Sept 2026 06:22 pm
