कोटा

Rajasthan: भाजपा नेता सत्तू बालिता पर कई धाराओं में मामला दर्ज, शिल्पा शेट्टी के मंच पर आते ही हुआ था बवाल

जेके पवेलियन स्टेडियम में शिल्पा शेट्टी के मंच पर आते हुए बवाल मामले में भाजपा नेता सत्तू बालिता पर कई धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है। यह मामला नयापुरा थाने में दर्ज किया गया है।

2 min read
Mar 03, 2026
फोटो-सोशल मीडिया

कोटा। शहर में आयोजित कोटा प्रीमियर लीग के रविवार को समापन समारोह के दौरान उस समय बड़ा विवाद खड़ा हो गया, जब कार्यक्रम के बीच भाजपा नेता और कोटा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव सत्यप्रकाश शर्मा उर्फ सत्तू बालिता पर पुलिसकर्मियों से मारपीट और अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगे। घटना जेके पवेलियन स्टेडियम में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के दौरान हुई, जहां बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद थे। शर्मा पर नयापुरा थाने में राजकार्य में बाधा पहुंचाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार कार्यक्रम में बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने पहुंची थीं। उनके मंच पर आते ही दर्शकों की भीड़ उन्हें नजदीक से देखने के लिए आगे बढ़ने लगी। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर करीब एक दर्जन पुलिसकर्मी वीआईपी ड्यूटी में तैनात थे, जो लगातार लोगों को पीछे हटाने और व्यवस्था संभालने का प्रयास कर रहे थे।

ये भी पढ़ें

कोटा में भाजपा नेता का हाई वोल्टेज ड्रामा; घर में घुसकर फायरिंग-धारदार हथियारों से हमला, मचा हड़कंप

महिला कॉस्टेबल के साथ अभद्रता का आरोप

आरोप है कि इसी दौरान सत्तू बालिता अपने दो-तीन समर्थकों के साथ पुलिसकर्मियों के पास पहुंचे और व्यवस्थाओं को लेकर विरोध जताने लगे। पुलिस की शिकायत के मुताबिक, उन्होंने ड्यूटी पर तैनात महिला हेड कॉस्टेबल से अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और गाली-गलौज की। मामला जल्द ही विवाद में बदल गया और कथित रूप से हाथापाई की स्थिति बन गई।

पुलिस की फाड़ी गई वर्दी

पुलिस ने आरोप लगाया है कि इस दौरान एक पुलिसकर्मी को थप्पड़ मारा गया तथा अन्य जवानों की वर्दी पकड़कर धक्का-मुक्की की गई, जिससे मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की।

पुलिस मामले की जांच कर रही

कोटा शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने बताया कि पुलिस लाइन से ड्यूटी पर गई टीम की शिकायत के आधार पर नयापुरा थाने में राजकार्य में बाधा पहुंचाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी लिए जा रहे हैं।

सत्तू बालिता ने क्या कहा?

वहीं सत्तू बालिता ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि कार्यक्रम के दौरान भीड़ अधिक होने के कारण धक्का-मुक्की जरूर हुई, लेकिन उन्होंने किसी पुलिसकर्मी के साथ मारपीट या अभद्रता नहीं की। मामले की जांच जारी है और पुलिस रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।

ये भी पढ़ें

Road Accident: यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, होली मनाने आ रहे राजस्थान के 3 लोगों की दर्दनाक मौत; मातम में ​बदलीं खुशियां

Published on:
03 Mar 2026 05:20 pm
Also Read
View All

अगली खबर