
Ex-Councillor Sunil Jain Died: कोटा जंक्शन निवासी कांग्रेस नेता, पूर्व पार्षद और प्रसिद्ध संगीत प्रेमी सुनील जैन का गुरुवार शाम निधन हो गया। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके निधन की खबर मिलते ही परिजनों, दोस्तों और शहर के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम सुनील जैन घर पर खाना खा रहे थे तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल लेकर निकले, लेकिन रास्ते में ही उनकी हालत गंभीर हो गई और उनकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सुनील जैन कोटा में सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए भी जाने जाते थे। वह नगर निगम में पार्षद रह चुके थे और अपने कार्यकाल के दौरान दशहरा मेला समिति के अध्यक्ष भी रहे। उन्होंने शहर के सांस्कृतिक आयोजनों में सक्रिय भूमिका निभाई थी।
सुनील जैन को संगीत, खासकर पार्श्व गायक किशोर कुमार के गीतों से बेहद लगाव था। वह किशोर कुमार के बड़े प्रशंसक थे और इसी वजह से कोटा में उनकी पहचान 'किशोर कुमार' के नाम से बन गई थी। उन्होंने अपने घर पर ही एक स्टूडियो बना रखा था जहां वे संगीत से जुड़े कार्यक्रम और अभ्यास किया करते थे।
हर वर्ष सुनील जैन किशोर कुमार की याद में विशेष कार्यक्रम आयोजित करते थे। मंगलवार को ही उन्होंने किशोर कुमार की जयंती के अवसर पर संगीत कार्यक्रम आयोजित किया था, जिसमें उन्होंने खुद भी प्रस्तुतियां दी थीं। कार्यक्रम के कुछ ही दिनों बाद उनके निधन से संगीत प्रेमियों को गहरा सदमा लगा है। उनके निधन पर जैन समाज सहित शहर के कई सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों ने शोक व्यक्त किया है। लोगों ने कहा कि सुनील जैन ने कोटा में संगीत और कला को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
शहरवासियों ने बताया कि सुनील जैन मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे और हर उम्र के लोगों के बीच उनकी अलग पहचान थी। सामाजिक कार्यों के साथ-साथ संगीत के प्रति उनका समर्पण हमेशा याद किया जाएगा। उनके निधन से कोटा ने एक प्रतिभाशाली व्यक्तित्व खो दिया।