Rajasthan Budget Announcement For Kota: राजस्थान बजट 2026 में कोटा जिले को कई महत्वपूर्ण सौगातें मिली हैं। महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए विशेष घोषणाएं हुई है।
Rajasthan Budget Highlights: राजस्थान सरकार के नए बजट में कोटा जिले के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। कोचिंग सिटी के रूप में पहचान रखने वाले कोटा में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया है। बजट में कोटा को केंद्र में रखते हुए अलग-अलग योजनाओं की घोषणा की है।
कोटा में महिलाओं और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए ‘महिला बाल शक्ति संकुल’ स्थापित किया जाएगा। इस केंद्र के माध्यम से महिलाओं को सुरक्षा, परामर्श और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर मिल सकेगा। ये कदम महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कोटा मेडिकल कॉलेज में मरीजों के परिजनों के लिए विश्रामगृह बनाया जाएगा। इसके साथ ही ‘अटल आरोग्य फूड कोर्ट’ स्थापित होगा, जिससे अस्पताल में आने वाले लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी। कोटा के नगरीय क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा कार्यों को भी प्राथमिकता दी जाएगी ताकि बारिश के मौसम में लोगों को परेशानी न हो।
कोटा में बड़ी संख्या में छात्र रहते हैं जिनके लिए मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत करने के लिए ‘राज ममता’ कार्यक्रम लागू किया जाएगा। कॉलेजों में काउंसलर भेजे जाएंगे और जरूरतमंद छात्रों को मार्गदर्शन दिया जाएगा।
कोटा में टेक्नो हब स्थापित करने की घोषणा की गई है, जिससे युवाओं को तकनीकी क्षेत्र में नए अवसर मिलेंगे। इसमें डेटा लैब और AI लैब विकसित होंगे। इसके अलावा स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए राजस्थान के युवाओं को ब्याज मुक्त ऋण की सुविधा भी दी जाएगी। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।