
कोटा .
बान्द्रा से निजामुद्दीन के बीच चलने वाली एसी स्पेशल राजधानी सुपरफास्ट ट्रेन की परिचालन अवधि आगामी 15 अप्रेल तक के लिए बढ़ाई गई है। इस ट्रेन का परिचालन 16 अक्टूबर 2017 से प्रयोग के तौर पर हुआ था। पर्याप्त यात्रीभार मिलने पर ट्रेन की सेवा का विस्तार किया जा रहा है। गाड़ी संख्या 09003 बान्द्रा-निजामुद्दीन राजधानी स्पेशल 18 जनवरी से 14 अप्रेल 2018 तक प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को बान्द्रा से चलेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 09004 निजामुद्दीन-बान्द्रा स्पेशल राजधानी 19 जनवरी से 15 अप्रेल 2018 तक प्रत्येक बुधवार, शुक्रवार और रविवार को निजामुद्दीन से रवाना होगी।
इस ट्रेन में परिवर्तनशील किराया प्रणाली लागू नहीं है। सीनियर डीसीएम विजय प्रकाश ने बताया कि दिल्ली व मुम्बई व्यावसायिक, सांस्कृतिक व राजनीतिक केन्द्र है। दोनों ही शहर देश के महत्वपूर्ण व्यावसायिक केन्द्र हैं। इसलिए दोनों शहरों के बीच कारगर और प्रभावी परिवहन सम्पर्क की बेहद आवश्यकता थी। इसलिए इस ट्रेन का विस्तार किया गया है।
दो घंटे कम समय लेती है
इस ट्रेन से यात्रा करने में नई दिल्ली-मुंबई राजधानी एक्सप्रेस के 15 घंटे 50 मिनट की तुलना में 13 घंटे 55 मिनट का समय लगता है। इससे यात्रा समय में लगभग 2 घंटे की बचत होती है। एक ही रेक के उपलब्ध होने के कारण सप्ताह में तीन दिन ही यह ट्रेन चलती है। यह रेलगाड़ी केवल कोटा, वडोदरा और सूरत स्टेशनों पर ही ठहरती है। कोटा के यात्रियों को भी इससे सुविधा मिलने लगी है।
मुजफ्फरपुर-बान्द्रा अवध एक्सप्रेस 20 घंटे विलम्ब हुई
कोहरे के कारण रेलपथ और सिग्नल की दृश्यता बहुत कम हो जाने के कारण ट्रेनों का घंटों देरी से आना जारी है। कोटा जंक्शन से गुजरने वाली गाडिय़ां लेटतीफी का रिकॉर्ड बना रही हैं। शुक्रवार को मुजफ्फरपुर-बान्द्रा अवध एक्सप्रेस 20 घंटे से यादा विलम्ब होने के कारण रात तक भी कोटा नहीं पहुंची। यह ट्रेन शनिवार को सुबह कोटा पहुंचने की संभावना है। कामाख्या-गांधीधाम एक्सप्रेस 11 घंटे 20 मिनट और भागलपुर-अजमेर एक्सप्रेस 10 घंटे विलम्ब हुई। इसी तरह आसनसोल से भावनगर जाने वाली पारसनाथ एक्सप्रेस 8 घंटे 36 मिनट देरी से पहुंची।