Rajasthan Bulldozer Action: दो दिन में कार्रवाई करते हुए केडीए ने करीब 251 करोड़ रुपए की 2327 बीघा भूमि से अतिक्रमण हटाया। अब शेष 1673 बीघा भूमि से अतिक्रमण हटाया जाएगा।
Kota Bulldozer Action: कोटा। कोटा विकास प्राधिकरण (केडीए) की ओर से शनिवार को गांव रामपुरिया और पीली की खान में लगातार दूसरे दिन अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर करीब 111 करोड़ रुपए कीमत की 1031 बीघा भूमि से अतिक्रमण हटाया गया। बता दें कि दो दिन में 251 करोड़ रुपए की 2,500 बीघा भूमि अतिक्रमियों से मुक्त करवाई गई।
केडीए सचिव मुकेश कुमार चौधरी ने बताया कि केडीए आयुक्त बचनेश कुमार अग्रवाल के आदेश पर रीको को आवंटित की गई भूमि से अतिक्रमण हटाकर निशानात लगाने की कार्रवाई की जा रही है।
इसके तहत दूसरे दिन शनिवार को प्राधिकरण का अतिक्रमण निरोधक दस्ता, तालेडा, नमाना व बूंदी पुलिस का जाप्ता, केडीए और रीको अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने का काम शुरू हुआ।
शनिवार सुबह 8.30 बजे से प्राधिकरण की 7 जेसीबी के माध्यम से ग्राम रामपुरिया और पीली की खान में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई, जो शाम 4.30 बजे तक जारी रही। करीब 8 घंटे चली कार्रवाई में 111 करोड़ रुपए की 1031 बीघा भूमि अतिक्रमण मुक्त करवाई गई। इस दौरान रीको के क्षेत्रीय प्रबन्धक संजीव सक्सेना के साथ भूमि के निशानात लगाए गए। इस दौरान रीको को आवंटित भूमि से अतिक्रमियों की ओर से की गई पत्थर कोट, पक्के स्ट्रक्चर, पक्के बाडे, पक्की चारदीवारी और मकान का अतिक्रमण हटाकर रीको को सौंपा गया।
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार सुरेन्द्र शर्मा, ललित नागर व भू-अभिलेख निरीक्षक मुरलीधर पारेता, हरीश कुमार गुप्ता, हरीशचन्द्र प्रजापति, विवेक पाल सिंह, भवानी शंकर कारपेन्टर, पटवारी रामनिवास मेघवाल, अमित कुमार, हितेश माहेश्वरी, संदीप गोचर, रुचिता यादव, रोहिणी महावर, प्रफुल्ल कुमार गोयल, तकनीकी शाखा सहायक अभियंता राहुल जैन, पुलिस उपाधीक्षक तालेडा राजेश टेलर, थानाधिकारी तालेडा अरविन्द भारद्वाज, थानाधिकारी नमाना माया, थानाधिकारी बून्दी नवल शर्मा तथा प्राधिकरण का पुलिस जाप्ता मौजूद रहा।
केडीए अधिकारियों ने बताया कि प्राधिकरण ने कोटा-बूंदी ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट क्षेत्र में 431 करोड़ रुपए में 4,000 बीघा भूमि रीको को इंडस्टि्रयल एरिया विकसित करने के लिए आवंटित की है। मामले में रीको की ओर से भूमि पर अतिक्रमण होने की शिकायत मिलने पर यहां अतिक्रमण हटाने और रीको के निशानात लगाने की कार्रवाई चल रही है। इसके तहत शुक्रवार से कार्रवाई शुरू की गई।
पहले दिन करीब 139 करोड़ रुपए से अधिक कीमत की 1296 बीघा भूमि से अतिक्रमण हटाया गया। इसके बाद शनिवार को कार्रवाई करते हुए करीब 111 करोड़ रुपए से अधिक कीमत की 1031 बीघा भूमि से अतिक्रमण हटाया गया। इस प्रकार दो दिन में कार्रवाई करते हुए केडीए ने करीब 251 करोड़ रुपए की 2327 बीघा भूमि से अतिक्रमण हटाया। अब शेष 1673 बीघा भूमि से अतिक्रमण हटाया जाएगा।