
Kota Maternal Death: कोटा मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही बारां निवासी प्रसूता पुष्पा बैरवा (28) ने सोमवार रात उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वह नेफ्रोलॉजी विभाग के आईसीयू में भर्ती थी और वेंटिलेटर पर थी। प्रसव के बाद अनियंत्रित रक्तस्राव होने से उसकी हालत बिगड़ गई थी। जांच में डीआईसी (डिसेमिनेटेड इंट्रावैस्कुलर कोएगुलेशन) बीमारी सामने आई थी। इसके चलते शरीर में रक्त के थक्के जमने की प्रक्रिया प्रभावित हुई और किडनी व फेफड़ों पर गंभीर असर पड़ा। फेफड़ों के काम नहीं करने और रेस्पिरेटरी फेल्योर के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। इसके साथ ही कोटा में 15 दिन में प्रसव के बाद चौथी प्रसूता की मौत हो गई।
बता दें कि पुष्पा का यह पहला प्रसव था। उसे झालावाड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां 27 अक्टूबर को उसने सामान्य प्रसव से स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। प्रसव के करीब एक घंटे बाद अचानक अनियंत्रित रक्तस्राव शुरू हो गया। चिकित्सकों ने रक्तस्राव रोकने के प्रयास किए और 5 से 6 यूनिट रक्त भी चढ़ाया, लेकिन रक्तस्राव नियंत्रित नहीं हुआ। हालत बिगड़ने पर उसे कोटा रेफर कर दिया गया।
सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के नेफ्रोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. विकास खंडेलिया ने बताया कि प्रसूता को डीआईसी बीमारी हुई थी। इसमें शरीर में रक्त जमने की प्रक्रिया प्रभावित हो जाती है। गंभीर स्थिति में अनियंत्रित रक्तस्राव होने लगता है। लगातार रक्तस्राव से उसका ब्लड प्रेशर कम हो गया। इसका असर किडनी और फेफड़ों पर भी पड़ा। प्लेटलेट्स और हीमोग्लोबिन का स्तर भी गिर गया।
डायलिसिस और उपचार के बाद किडनी की स्थिति में कुछ सुधार हुआ था और रोजाना करीब तीन लीटर पेशाब बनने लगा था, लेकिन फेफड़ों पर बीमारी का असर बना रहा। रेस्पिरेटरी फेल्योर के कारण उसे सांस लेने में गंभीर परेशानी हो रही थी। इस कारण उसे वेंटिलेटर से नहीं हटाया जा सका। उपचार में मेडिसिन, कार्डियोलॉजी, एनेस्थीसिया, श्वास रोग, गायनी सहित अन्य विभागों की टीमें जुटी हुई थीं।
कोटा में 5 से 7 मई के बीच सीजेरियन के बाद प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ने के मामले सामने आए थे। इनमें 12 प्रसूताओं की किडनी फेल हो गई थी। इनमें से पांच प्रसूताओं की मौत हुई थी, जबकि अन्य महिलाओं को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।