कोटा

video: दशहरा मैदान में व्यवस्थाएं दुरूस्त करने में जुटा प्रशासन

राष्ट्रीय दशहरा मेला-2017 में अपनी साख बचाने को कोटा प्रशासन कोशिशों में जुट गया है। मैदान मेें व्यवस्था बनाने का काम हो रहा है।

2 min read
Aug 29, 2017
Kota administration, National Dashera Mela - 2017, Dashera Mela in Kota, Electrical department, Water pipeline, Kota, Kota Patrika, Kota News, Kota Patrika News, Rajasthan Patrika, राष्ट्रीय दशहरा मेला-2017,  नगर निगम कोटा, नगर प्रशासन कोटा, कोटा दशहरा मेला, कोटा, कोटा पत्रिका, राजस्थान पत्रिका
दशहरा मैदान में व्यवस्थाएं दुरूस्त करने में जुटा प्रशासन

दशहरा के नजदीक आते ही नगर प्रशासन में राष्ट्रीय दशहरा मेला-2017 को लेकर बैचेनी साफ-साफ देखी जा रही है। अब मैदान में निर्माण कार्य के अलावा व्यवस्थाएं बनाने का काम प्रारंभ हो चुका है। अस्थाई विद्युत व्यवस्था के लिए खंभे लगाने, पानी के लिए पाइप लाइन डालने, मलबा हटाने, मैदान समतल करने करने जैसे कामों को रफ्तार दी जा रही है। मेला आयोजन की निकटता देखते हुए अधिकारियों ने माकूल व्यवस्थाएं करने में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।

शुरूअात अस्थाई व्यवस्थाओं से की

दशहरा मेले के लिए वैकल्पिक स्थान नहीं मिलने के बाद अब दशहरा मैदान में ही भागदौड़ कर मेले की व्यवस्थाएं की जा रही हैं। अस्थाई विद्युत व्यवस्था के लिए बिजली के खंभे लगाए गए हैं, वहीं अस्थाई तौर पर पानी की पाइप लाइन डाली जा रही है। मैदान में जिस क्षेत्र में मेला भरेगा, वहां निर्माण कार्य रोक दिया है।

हटाया जा रहा मलबा

मलबा और अन्य निर्माण सामग्री हटाने का कार्य चल रहा है। मेले के लिए 10 सितम्बर तक मैदान तैयार करना होगा। इसलिए 7 जेसीबी, 20 टै्रक्टर, 2 डम्पर, 4 चेन मशीन सहित करीब 40 मशीनों को मैदान को समतल करने में लगाया गया है। दशहरा मैदान को प्रगति मैदान की तर्ज पर विकसित करने के लिए स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में शामिल किया गया है। यह कार्य तीन चरणों में होगा। पहले चरण में 77.55 करोड़ की लागत से दशहरा मैदान के मुख्य भाग का विकास और चारदीवारी शामिल है। इसे पूरा करने की तिथि 15 अप्रेल 2018 है।

अधूरे रह जाएगें ये काम

जब निर्माण शुरू हुआ, तब तय हुआ था कि मेले के समय करीब एक माह तक कार्य बंद रहेगा। श्रीराम रंगमंच का पुनर्निर्माण कर छत डाल दी गई है, लेकिन बचा कार्य मेले के बाद किया जाएगा। अभी मिट्टी डालकर मैदान को समतल किया रहा है। इस तरह विजयश्री रंगमंच पर भी केवल आरसीसी का कार्य हो पाया है। विजयश्री रंगमंच के सामने रावण दहन देखने के लिए बनाए जा रहे वीआईपी चौपाल का कार्य अधूरा है। यहां 800 लाइटें भी लगाई जानी हैं। दहशरा मैदान में फूडकोर्ट का प्लेटफार्म तैयार हो गया है, लेकिन छत का कार्य बाकी है, अब इसे मेले के बाद पूरा किया जाएगा। प्रदर्शनी स्थल तैयार है, लेकिन शेड नहीं बन पाया। चारदीवारी का कार्य भी 50 प्रतिशत पूरा हुआ है।

शुरू नहीं हो पाए ये काम

किशोरपुरा रोड की चौड़ाई 20 फीट से 60 फीट करने का कार्य।
शक्ति नगर रोड को 40 से 60 फीट करने का कार्य। दशहरा मैदान की आंतरिक सड़कों का निर्माण नहीं, अब मिट्टी के रास्ते तैयार किए जा रहे हैं।

जिम्मेदारों की राय

महापौर महेश विजय ने कहा कि दशहरा मैदान में मेले के लिए व्यवस्थाएं बेहतर करने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। निर्माण कार्य बंद कर मेले के अनुकूल इंतजाम किए जा रहे हैं। सामूहिक प्रयासों से हर साल की तरह इस बार भी मेला भरेगा।
नगर निगम नेता प्रतिपक्ष अनिल सुवालका ने कहा कि दशहरा मेले का एेतिहासिक स्वरूप बिगाड़ दिया है। मेला कैसे भरेगा, इसको लेकर भी अभी तो संशय ही है।

Published on:
29 Aug 2017 12:47 pm