कोटा

राजस्थान में यहां 338.25 करोड़ से बनेंगे 12 रेलवे ओवरब्रिज-अंडरब्रिज, लोगों को मिलेगी जाम से राहत

Kota Bundi Railway Overbridge : लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की अनुशंसा पर कोटा-बूंदी संसदीय क्षेत्र में रेल यातायात को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए 338.25 करोड़ रुपए की लागत से 12 रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) और रेलवे अंडरब्रिज (आरयूबी) निर्माण प्रस्तावों को स्वीकृति मिली है।

2 min read
Apr 25, 2026
Kota Bundi Railway Overbridge
Photo: AI-generated

Kota Bundi Railway Overbridge : कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की अनुशंसा पर कोटा-बूंदी संसदीय क्षेत्र में रेल यातायात को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए 338.25 करोड़ रुपए की लागत से 12 रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) और रेलवे अंडरब्रिज (आरयूबी) निर्माण प्रस्तावों को स्वीकृति मिली है। इन कार्यों के पूरा होने से रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और आवागमन अधिक सुगम होगा।

कोटा और बूंदी जिले में 12 स्थानों पर रेलवे ओवरब्रिज और अंडरपास की जरूरत थी। इस मामले में लोकसभा अध्यक्ष की पहल पर सभी 12 स्थानों पर रेलवे ओवरब्रिज और अंडरपास के प्रस्ताव भेजे गए। मामले में रेल मंत्रालय की ओर से सभी 12 स्थानों पर रेलवे ओवरब्रिज और अंडरपास को स्वीकृति दी गई। ऐसे में इन स्थानों पर ट्रेन गुजरने के दौरान लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी।

यहां बनेंगे ओवरब्रिज व अंडरपास

रामगंजमंडी क्षेत्र में एलसी-76 के पास धरनावद-झालावाड़ रोड पर 10 करोड़ रुपए की लागत से आरओबी का कार्य पहले से प्रगति पर है। इसके अलावा जुल्मी-नालोदिया रोड पर एलसी-2 के पास 34.97 करोड़ रुपए की लागत से ओवरब्रिज बनाया जाएगा। इसके साथ ही सांगोद विधानसभा क्षेत्र में सीमलिया-दीगोद रोड (एलसी-11) पर 34.99 करोड़ रुपए, सीमलिया-कल्याणपुरा रोड (एलसी-13) पर 34.96 करोड़ रुपए, कल्यारी-खड़ा रोड (एलसी-16) पर 34.99 करोड़ रुपए, गडेपान-बंबोरी सड़क (एलसी-17) पर 34.98 करोड़ रुपए तथा 24 मील-ककरावदा रोड (एलसी-19) पर 34.96 करोड़ रुपए की लागत से रेलवे ओवरब्रिज बनाए जाएंगे। बूंदी के केशवराय पाटन क्षेत्र में सुमेरगंजमंडी-दौलतपुरा मार्ग पर लगभग 34.99 करोड़ रुपए की लागत से रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण प्रस्तावित है। वहीं केशवराय पाटन-तालेड़ा मार्ग (एलसी-23) पर 34.98 करोड़ रुपए तथा नेशनल हाईवे-दौलदा मार्ग (एलसी-45) पर 34.99 करोड़ रुपए की लागत से आरओबी निर्माण को मंजूरी दी गई है।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी बनेंगे दो अंडरब्रिज

इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन को बेहतर बनाने के लिए दो आरयूबी भी स्वीकृत किए गए हैं। इनमें भेरूजी की झोपड़ी गांव मार्ग (एलसी-53) पर 4.34 करोड़ रुपए और सेदरी गांव रोड (एलसी-05) पर 9.10 करोड़ रुपए के कार्य शामिल हैं। इन सभी कार्यों के पूरा होने के बाद रेल फाटकों पर लगने वाले जाम में कमी आएगी, दुर्घटनाओं की आशंका घटेगी और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क बेहतर होगा।

Updated on:
24 Apr 2026 08:43 pm
Published on:
25 Apr 2026 07:00 am