
132वें राष्ट्रीय दशहरा मेले का आगाज 22 सितंबर से होगा। यह आयोजन 17 अक्टूबर तक 26 दिन तक किया जाएगा। इस बार दशहरा मेले में 215 फीट ऊंचा रावण का पुतला पूरी दुनिया में सबसे बड़ा होगा। इसके लिए नगर निगम की ओर से वर्ल्ड रेकॉर्ड बनाने की तैयारियां भी की जा रही है। इस वर्ष मेले की थीम तिरंगा, सिंदूर और रामायण होगी। लाइट एंड साउंड शो और ड्रोन-शो के माध्यम से थीम बेस कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी।
कोटा राष्ट्रीय दशहरा मेला समिति के अध्यक्ष विवेक राजवंशी ने बताया कि इस बार मेले में राम बारात अब तक की सबसे भव्यतम होगी। इसके लिए 5100 बच्चे राम-सीता व लक्ष्मण का वेश धरकर साथ चलेंगे। राम बारात में चलने वाले लोगों को परपरागत साफा पहनाया जाएगा। राम बारात के दशहरा मैदान में पहुंचने पर 5100 दीपक जलाकर स्वागत किया जाएगा। राजवंशी ने बताया कि इस बार राम बारात में शहर के प्रमुख मंदिरों की झांकियां भी भाग लेंगी। इसके लिए मंदिर समितियों से चर्चा चल रही है।
राजवंशी ने बताया कि नगर निगम की ओर से पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी दशहरे मेले में बुजुर्गों, दिव्यांगों को दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक रिक्शे से घुमाने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा श्रीराम रंगमंच पर रामलीला में लोगों को लाने के लिए निशुल्क बसों के संचालन की भी व्यवस्था की गई है।