कोटा

कोटा: चार मंजिला रेस्टोरेंट में लगी आग, सिलेंडरों ने बढ़ाई चिंता, 3 दमकलों ने आधे घंटे में पाया काबू

चार मंजिला रेस्टोरेंट अर्बन शेखावाटी ढाबे में बुधवार रात किचन में आग लग गई। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए अग्निशमन विभाग की ओर से अलग-अलग फायर स्टेशन से आधा दर्जन दमकल मौके के लिए रवाना की गई, लेकिन तीन दमकलों ने ही करीब आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया।
2 min read
• •
Oct 08, 2026
kota fire
गोबरिया बावड़ी क्षेत्र के रेस्टोरेंट में आग। फोटो: पत्रिका

कोटा। गोबरिया बावड़ी क्षेत्र स्थित चार मंजिला रेस्टोरेंट अर्बन शेखावाटी ढाबे में बुधवार रात किचन में आग लग गई। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए अग्निशमन विभाग की ओर से अलग-अलग फायर स्टेशन से आधा दर्जन दमकल मौके के लिए रवाना की गई, लेकिन तीन दमकलों ने ही करीब आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया। नगर निगम के मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास ने बताया कि रेस्टोरेंट में बुधवार रात शॉर्ट सर्किट से आग लगने की सूचना मिली थी।

इस पर कोटा शहर की भामाशाहमंडी, श्रीनाथपुरम, सब्जीमंडी फायर स्टेशन से आधा दर्जन दमकल मौके के लिए रवाना की गई, लेकिन मौके पर पहुंची तीन दमकलों ने आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया। आग रसोई में थी और रेस्टोरेंट में कई सिलेंडर रखे थे। ऐसे में हादसा होने की आशंका थी और चिंता बढ़ गई थी। लेकिन दमकलकर्मियों ने तेजी से काम करते हुए घेरा बनाकर आग को बुझाया गया।

जानकारी के अनुसार आग रात करीब 10:45 बजे लगी थी। सूचना मिलते ही रात करीब 11 बजे दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई और तुरंत आग बुझाने का काम शुरू किया गया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रात 11:30 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

एग्जॉस्ट फैन से शुरू हुई आग

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग किचन के एग्जॉस्ट फैन में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। बताया जा रहा है कि फैन पर लंबे समय से चिकनाई और तेल जमा था। चिंगारी के संपर्क में आते ही चिकनाई ने आग पकड़ ली। इसके बाद आग तेजी से किचन से बाहर की ओर फैल गई और ऊपरी मंजिलों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

चार मंजिला इमारत में भर गया धुआं

आग के कारण पूरी चार मंजिला इमारत में घना धुआं भर गया। दमकलकर्मियों को राहत और बचाव कार्य के दौरान धुएं के कारण सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, कर्मचारियों की तत्परता से रेस्टोरेंट में मौजूद लोगों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया।
रेस्टोरेंट के ग्राउंड फ्लोर पर मुख्य डाइनिंग एरिया है, जबकि पहली मंजिल पर पार्टी हॉल बना हुआ है। इसके ऊपर की मंजिलों पर कमरे बने हुए हैं। आग बढ़ने के बाद स्टाफ और संचालक भी सुरक्षित बाहर आ गए।

Updated on:
08 Oct 2026 10:07 am
Published on:
08 Oct 2026 10:03 am