कोटा

Kota Accident : कोटा सड़क हादसे में जिंदा बचा ‘श्रीजीत’, लेकिन अब मां की गोद को तरसेगा मासूम, दादा-दादी को भी खोया

Kota Horrific Road Accident : अस्पताल में शायद मासूम श्रीजीत को अभी भी लगता होगा कि मां कहीं आस-पास ही है। वह नहीं जानता कि उसके इंतजार का जवाब अब कभी नहीं मिलेगा। पढ़ें यह दिल को हिला देने वाली स्टोरी।
2 min read
• •
Updated: 22 Nov 2026, 10:45 PM IST
kota horrific road accident 9 people died innocent srijit survived read emotional story
Kota Accident : कोटा उदयपुर सड़क हादसे में बचा मासूम। फोटो पत्रिका

Kota Horrific Road Accident : कोटा. तीन साल के श्रीजीत को अस्पताल में परिवार के कई सदस्यों की गोद मिल रही है, लेकिन उसकी आंखें तो मां की गोद तलाश रही हैं। उसकी मासूम आंखें कभी दरवाजे की ओर उठती हैं तो कभी आस-पास खड़े लोगों के चेहरों पर ठहर जाती हैं। वह अपनों को तलाश रहा है। मां को… दादा-दादी को… उन अपनों को, जिनके साथ वह खाटूश्यामजी के दर्शन करने निकला था। उसे क्या पता कि अब जिस मां का आंचल थामकर वह चलता था, वह आंचल हमेशा के लिए छूट चुका है। जिन दादा-दादी की गोद में उसकी किलकारियां गूंजती थीं, वे भी अब कभी उसे सीने से लगाने नहीं आएंगे।

कोटा-जयपुर नेशनल हाईवे पर शनिवार देर रात नान्ता थाना क्षेत्र के शंभूपुरा के पास हुए भीषण सड़क हादसे ने महाराष्ट्र के धुले जिले के एक परिवार की खुशियां छीन लीं। सड़क किनारे खड़े ट्रक में सवारी गाड़ी के टकराने से एक ही परिवार के 9 लोगों की जिंदगी खत्म हो गई। हादसे के बाद गाड़ी में मची चीख-पुकार और बिखरे सामान के बीच तीन साल का श्रीजीत जिंदा बच गया, लेकिन उसकी छोटी-सी दुनिया उजड़ गई। उसने अपनी मां और दादा-दादी को खो दिया। उसके पिता गणेश भी अस्पताल में भर्ती हैं। अस्पताल में शायद श्रीजीत को अभी भी लगता होगा कि मां कहीं आस-पास ही है। वह नहीं जानता कि उसके इंतजार का जवाब अब कभी नहीं मिलेगा। उम्र इतनी छोटी है कि वह मौत का मतलब भी नहीं समझता, लेकिन अपनों की अनुपस्थिति का अहसास उसकी आंखों में साफ दिखाई देता है।

भजनों की गूंज के बीच शुरू हुआ था सफर, रास्ते में बिखर गईं खुशियां

धुले (महाराष्ट्र) का यह संयुक्त परिवार करीब 36 सदस्यों के साथ तीन गाड़ियों में सवार होकर खाटूश्यामजी के दर्शन करने निकला था। सफर में आस्था थी, अपनों का साथ था और रास्ते भर भजनों की गूंज के बीच हंसी-ठिठोली थी। किसी को अंदाजा नहीं था कि जिस यात्रा को परिवार की यादगार यात्रा बनना था, वही जिंदगी का सबसे बड़ा मातम बन जाएगी।

हादसे में घायल मनीषा शरद पंवार को अस्पताल के बिस्तर पर अपने जख्मों से ज्यादा अपनों को खोने का दर्द सता रहा है। रुंधे गले और छलकती आंखों से उन्होंने बताया कि सफर में सब खुश थे। किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि ऐसा कुछ हो जाएगा। उनके शब्दों में दर्द था और आंखों में उन अपनों को खोने का खालीपन, जिनके साथ कुछ घंटे पहले तक खुशियों का सफर चल रहा था।

मोर्चरी के बाहर थम गईं सिसकियां, दो बच्चियों के सपने भी हुए खामोश

कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल की मोर्चरी के बाहर का दृश्य भी दिल को झकझोर देने वाला था। अपनों के पार्थिव शरीर का इंतजार करते रिश्तेदारों की आंखों में आंसू थे और चेहरों पर ऐसा सन्नाटा, जिसे शब्दों में बयान करना मुश्किल था। परिवार की 6 और 13 साल की बेटियां सान्वी और जान्हवी भी इस हादसे की भेंट चढ़ गईं। जिस उम्र में आंखों में नए सपने पलते हैं, स्कूल-किताबों और खेल की बातें होती हैं, उस उम्र में उनकी जिंदगी का सफर ही खत्म हो गया।

Published on: