
कोटा में लव मैरिज करने वाले एक दंपती को अलग किए जाने का मामला सामने आया है। सोमवार को हुई इस घटना के बाद जमकर हंगामा हुआ। पति का आरोप है कि उसकी पत्नी का भाई सात-आठ लोगों के साथ आया और हथियार दिखाकर उसकी पत्नी को जबरन अपने साथ ले गया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला को घसीटकर ऑटो में बैठाते हुए देखा जा सकता है। महिला चार महीने की गर्भवती है।
पीड़ित युवक के अनुसार, सोमवार को वह रामपुरा सब्जी मंडी में मोजे बेचने गया था। उसके माता-पिता दुकान पर ही थे। इसी दौरान उसकी पत्नी का भाई कुछ लोगों के साथ वहां पहुंचा। युवक का आरोप है कि हथियार दिखाकर उसकी पत्नी को जबरन बाहर निकाला गया और घसीटते हुए ऑटो में बैठा दिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी महिला को लेकर वहां से जा चुके थे।
युवक ने बताया कि उसने करीब तीन साल पहले घोड़ा बस्ती निवासी युवती से लव मैरिज की थी। दोनों बालिग हैं और शादी के बाद बालिता रोड पर साथ रह रहे थे। युवक के मुताबिक, पुलिस के सामने दिए गए बयान में उसकी पत्नी ने उसके साथ रहने की सहमति जताई थी। लव मैरिज के समय जवाहर नगर थाने में भी महिला ने अपने पति के साथ रहने की बात कही थी।
पीड़ित युवक के बड़े भाई ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले भी उसकी पत्नी को उठाकर गुजरात ले जाया गया था। उस समय बी पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया था। पुलिस के सामने महिला ने दोबारा अपने पति के साथ रहने की इच्छा जताई थी, जिसके बाद वह वापस उसके साथ रहने लगी थी। परिवार का कहना है कि अब एक बार फिर महिला को पति से अलग कर दिया गया है।
घटना के बाद पीड़ित युवक ने रात में कुन्हाड़ी थाने पहुंचकर शिकायत दी। उसका आरोप है कि पत्नी को हथियारों के दम पर जबरन ले जाया गया और पुलिस ने उचित कार्रवाई नहीं की। कुन्हाड़ी थाना अधिकारी देवेश भारद्वाज ने बताया कि शिकायत मिली है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने इसे फिलहाल आपसी पारिवारिक विवाद बताया है। वहीं, परिजनों ने महिला के चार महीने की गर्भवती होने का हवाला देते हुए उसकी और बच्चे की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।