Rajasthan Trending News: गणेश वंदना से कोटा महोत्सव का शुभारंभ हो गया। आज 10,000 इलेक्ट्रिक दीपकों के साथ चंबल माता की महाआरती होगी। इसके अलावा भी कई आयोजन होंगे।
Kota Mahotsav 2024: कोटा को नई पहचान देने के अनूठे सांस्कृतिक उत्सव ‘कोटा महोत्सव‘ का भव्य शुभारम्भ सोमवार सुबह 9 बजे खडे़ गणेशजी मंदिर में गणेश वंदना से हुआ। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में लोकसभा अध्यक्ष ने खड़े गणेशजी का पूजन किया। उन्होंने कोटा महोत्सव को नई पहल बताते हुए कहा कि 'कोटा के लिए नया साल कई उल्लेखनीय उपलब्धियों वाला रहेगा। शहरवासियों के लिए एयरपोर्ट का सपना साकार होगा। मुकुन्दरा हिल्स में बाघ दहाड़ेंगे व टाइगर सफारी शुरू होगी। उन्होंने इंडस्ट्रीयल पार्क बनाया जाएगा। बिरला ने कहा कि हम सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें। ऊर्जा मंत्री हिरालाल नागर, जिला कलक्टर डॉ रविन्द्र गोस्वामी,शहर पुलिस अधीक्षक अमृता दुहन समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।'
25 दिसम्बर तक आयोजनों की धूम रहेगी। रविवार को जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने आयोजन में सहयोगी संस्थाओं के पदाधिकारियों, अधिकारियों के साथ प्रमुख आयोजन स्थलों का दौरा कर अंतिम तैयारियों का जायजा लिया। जिला कलक्टर ने कोटावासियों से अपील की है कि सभी अपने कोटा के इस खास उत्सव में उल्लास के साथ भागीदार बनें। साफा धारण कर सभी आयोजनों, कार्यस्थलों पर पहुंचें। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला रहेंगे। मंत्री व विधायकगण भी मौजूद रहेंगे।
कोटा ग्रेन एण्ड सीड्स मर्चेन्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अविनाश राठी ने बताया कि सम्पूर्ण हाडौती क्षेत्र का भरण पोषण करने वाली, सभी की आर्थिक समृद्धि का आधार, जीवन दायिनी मां चंबल की सोमवार शाम 4 बजे रिवरफ्रन्ट के शौर्य घाट पर सामूहिक महाआरती करके मां के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की जाएगी। इसमें 10,000 इलेक्ट्रॉनिक दीपक रौशन होंगे। महाआरती के बाद दीपदान के लिए 1000 आटे के दीपकों की अलग व्यवस्था की गई है।
कोटा के पर्यटन को नई ऊंचाइयां देने के उद्देश्य से मनाए जा रहे कोटा महोत्सव में अधिकाधिक जनभागीदारी कर इसे सफल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए गढ़ पैलेस को भी तीनों दिवस निशुल्क रखने का निर्णय लिया है। महोत्सव के तहत 23 दिसंबर से 25 दिसंबर तक गढ़ पैलेस में आगंतुकों का प्रवेश निशुल्क रहेगा। रिवरफ्रंट वेस्टर्न घाट प्रवेश निशुल्क रहेगा। हालांकि ऑनलाइन बुकिंग जरूरी है।
सुबह 9 बजे खड़े गणेशजी मंदिर में गणेश वंदना।
10 बजे से शौर्य घाट पर कॅरियर फेयर, फूड कोर्ट, फोटो एग्जिबिशन, क्राफ्ट बाजार, अमृता हाट, लघु उद्योग मार्ट, पेंटिंग वर्कशॉप शुरू।
सुबह 11 बजे से स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जिसमें सृजन द स्पार्क समूह द्वारा संगीत से कार्यक्रम को सजाया जाएगा।
शाम 6 बजे मैथिली ठाकुर की संगीतमयी प्रस्तुतियां दशहरा मैदान में विजयश्री रंगमंच पर कथक नृत्यागंना बरखा जोशी की प्रस्तुति भी होगी। तीनों दिन अन्तरराष्ट्रीय स्तर की पतंगबाजी भी खास आकर्षण रहेगी। आतिशबाजी होगी।