कोटा

Kota News : सीने में दर्द पर खुद अस्पताल पहुंचा, पार्किंग में अचेत होकर गिरा, फिर नहीं उठा

Kota News : सीने में दर्द की शिकायत पर खुद अस्पताल पहुंचे एक युवक की मौत हो गई। अस्पताल की पार्किंग में पहुंचते ही वह अचानक अचेत होकर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तुरंत भर्ती करवाया, लेकिन डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी।

2 min read
Jun 23, 2026
Kota man death case
मृतक राकेश। फोटो पत्रिका नेटवर्क

कोटा। सीने में दर्द की शिकायत पर खुद अस्पताल पहुंचे एक युवक की मौत हो गई। अस्पताल की पार्किंग में पहुंचते ही वह अचानक अचेत होकर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तुरंत भर्ती करवाया, लेकिन डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी।

जानकारी के अनुसार, मूल श्योपुर और वर्तमान में रोजड़ी इलाके के रहने वाले राकेश यादव (43) की पत्नी पिछले दो महीनों से बच्चों के साथ अपने मायके में रह रही थी। राकेश फल सब्जी मंडी में मजदूरी करता था। घटना रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे की है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।

कई दिनों से मानसिक तनाव में था

बड़े भाई जितेंद्र ने बताया कि पहली पत्नी की मौत के बाद 16 साल पहले राकेश ने दूसरी शादी की थी। उसके तीन बच्चे हैं। दो महीने पहले पति पत्नी में अनबन हुई थी, जिसके बाद बच्चे लेकर पत्नी अपने मायके चली गई। राकेश घर में अकेला था। करीब 15 दिन पहले राकेश ने फोन कर खुद के तनाव में होने की बात बताई थी। तब उसे समझाया गया कि सब ठीक हो जाएगा।

अचानक उसके सीने में तेज दर्द हुआ। उसने फोन कर परिचितों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद वह रंगबाड़ी इलाके के एक क्लीनिक पर दिखाने पहुंचा। वहां मौजूद चिकित्सक ने उसे न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल जाने की सलाह दी। इसके बाद राकेश अकेला ही बाइक से अस्पताल पहुंच गया।

शाम करीब साढ़े चार बजे पार्किंग में बाइक खड़ी करते समय उसे चक्कर आया और वह गिर पड़ा। वहां मौजूद स्टाफ ने उसे संभाला और तुरंत भर्ती करवाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। आरकेपुरम थाना एएसआई दौलतराम ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। परिजन भी घटना से सदमे में हैं और जल्द से जल्द सच्चाई सामने आने की उम्मीद जता रहे हैं। चिकित्सकों के अनुसार शुरुआती तौर पर हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण सामने आएंगे।

Published on:
23 Jun 2026 03:47 pm