
कोटा। शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर महापौर अनुसुईया गोस्वामी गुरुवार सुबह औचक निरीक्षण पर निकलीं तो वार्ड 87 में अव्यवस्थाएं देखकर उनका पारा चढ़ गया। मौके पर सफाई कर्मचारी नदारद मिले। वहीं, काम के लिए मौजूद महिला श्रमिकों में चार नाबालिग बच्चियां भी होने की बात सामने आई। यह देखकर महापौर ने मौके से ही ठेकेदार को फोन लगाया और जमकर फटकार लगाई। फोन पर महापौर ने दो टूक कहा- 'तुम्हारी ठेकेदारी धरी रह जाएगी… लगा लेना फिर तुम जैक।'
महापौर ने ठेकेदार अनिकेत से सवाल किया कि जब शहर में सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी उसे सौंपी गई है तो कर्मचारी मौके पर क्यों नहीं मिलते? न नालियों की सफाई करने वाली लेबर समय पर पहुंच रही है और न ही झाड़ू लगाने वाले कर्मचारी दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि ठेकेदार खुद घर पर आराम कर रहा है और महापौर सड़क पर खड़ी होकर सफाई व्यवस्था देख रही हैं।
ठेकेदार से फोन पर बातचीत के दौरान महापौर ने कहा कि तुम तो राजा हो रहे हो, हम रोड पर खड़े हैं और तुम घर पर ऐश-आराम कर रहे हो। जब महापौर मौके पर मौजूद हैं तो ठेकेदार को भी यहां आकर व्यवस्था देखनी चाहिए। उन्होंने साफ कहा कि सफाई के नाम पर लापरवाही और कागजों में श्रमिकों की संख्या दिखाने का रवैया अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
महापौर ने ठेकेदार को निर्देश दिए कि रोजाना सुबह 8.30 बजे तक सफाई के सभी निर्धारित पॉइंट पर पूरी लेबर मौजूद होनी चाहिए। इसमें नालियों की सफाई करने वाले, झाड़ू लगाने वाले और कचरा उठाने वाले कर्मचारी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सफाई कार्य निर्धारित समय पर शुरू होना चाहिए, ताकि वार्ड में नियमित रूप से सफाई हो सके।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने सवाल किया कि जब सफाई का समय सुबह 8 बजे निर्धारित है तो साढ़े नौ बजे तक भी श्रमिक मौके पर क्यों नहीं पहुंचते? अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे सफाई कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करें और यह सुनिश्चित करें कि ठेकेदार की ओर से पर्याप्त कर्मचारी लगाए जाएं।
वार्ड 87 के निरीक्षण में सामने आई अव्यवस्थाओं के बाद महापौर ने व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। खासतौर पर नाबालिग बच्चियों के श्रमिकों के रूप में मिलने के मामले को लेकर भी नाराजगी जताई। अब देखना होगा कि महापौर की इस सख्ती के बाद वार्ड की सफाई व्यवस्था में कितना सुधार होता है।