
कोटा। विदा होता मानसून इन दिनों हाड़ौती में जमकर बरस रहा है। गुरुवार को कोटा में शाम से रात तक बारिश का दौर जारी रहा। शहर में करीब एक इंच बारिश दर्ज की गई। तेज बारिश के दौरान कुन्हाड़ी क्षेत्र के दुर्गा नगर में एक दो मंजिला मकान पर आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली गिरने से मकान के प्रथम तल पर स्थित ड्राइंग रूम की छत में छेद हो गया और फॉल सीलिंग क्षतिग्रस्त होकर नीचे गिर गई। गनीमत रही कि हादसे के समय कमरे में कोई मौजूद नहीं था।
मकान मालिक राजेंद्र सिंह ने बताया कि गुरुवार शाम तेज बारिश के दौरान अचानक आकाशीय बिजली मकान पर गिरी। इससे ड्राइंग रूम की छत को नुकसान पहुंचा। मकान में सोलर सिस्टम लगा हुआ है। उन्होंने बताया कि सोलर सिस्टम में तड़ित चालक लगा होने से संभवत: बड़ा हादसा टल गया। हालांकि आकाशीय बिजली गिरने से सोलर सिस्टम को भी नुकसान पहुंचा। तड़ित चालक की तांबे की छड़ टूटकर नीचे गिर गई और उसका एक पिलर भी क्षतिग्रस्त हो गया।
आकाशीय बिजली गिरने का असर आसपास के मकानों में भी दिखाई दिया। तेज विद्युत प्रवाह के कारण कई घरों के विद्युत उपकरण खराब हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार किसी के घर का टीवी तो किसी का फ्रिज काम करना बंद हो गया। घटना के बाद दुर्गा नगर क्षेत्र में काफी देर तक बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। विद्युत आपूर्ति बंद होने से क्षेत्र में स्थापित गणेश प्रतिमा के पांडाल में भी कुछ समय के लिए अंधेरा छा गया।
इससे पहले दिनभर धूप और बादलों की आंख-मिचौली चलती रही। दोपहर बाद अचानक मौसम बदला और आसमान में काले बादल छा गए। शाम करीब चार बजे तेज हवा के साथ जोरदार बारिश शुरू हुई। करीब आधे घंटे तक तेज बारिश होने से सड़कों पर पानी बह निकला और कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई। शाम 4 से रात 8 बजे तक कोटा शहर में 25 मिमी बारिश दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 34.5 और न्यूनतम 25.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
कोटा के अलावा रामगंजमंडी, इटावा और चेचट में भी बारिश हुई। बूंदी, केशवरायपाटन और कापरेन में तेज हवा के साथ करीब एक घंटे तक बारिश हुई। बारां, देवरी, गऊघाट और बड़गांव में भी तेज बारिश दर्ज की गई। झालावाड़, खानपुर और पनवाड़ में भी जोरदार बरसात हुई।
मौसम विभाग के अनुसार 18 सितंबर को जोधपुर, उदयपुर, अजमेर, जयपुर, कोटा और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी राजस्थान में 20 सितंबर तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। 21 सितंबर से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है।