
Jaipur Rain: जयपुर में हुई बारिश के बाद सड़क पर भरा पानी (फोटो-दिनेश डाबी)
जयपुर। राजस्थान में विदाई से पहले एक बार फिर मानसून एक्टिव हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने 17 से 19 सितंबर तक प्रदेश के लगभग सभी जिलों में बारिश, मेघगर्जना और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। तीन दिनों में प्रदेश के 40 जिलों में बारिश की चेतावनी है। केवल जैसलमेर ऐसा जिला है, जहां इस अवधि में कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
राजधानी जयपुर में गुरुवार को मौसम बदला और कई इलाकों में बारिश हुई। वहीं सिरोही, अजमेर, सवाई माधोपुर, सीकर, बारां समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। इसके पहले बुधवार को भी प्रदेश के श्रीगंगानगर, जयपुर, माउंट आबू, जालोर, फतेहपुर समेत कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 35 जिलों के कुछ हिस्सों में मध्यम और कहीं-कहीं तेज बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान मेघगर्जना के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।
गुरुवार को मौसम विभाग ने प्रदेश के 35 जिलों में चेतावनी जारी की है। पूर्वी राजस्थान में अजमेर, अलवर, बारां, ब्यावर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, डीग, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, कोटा, कोटपूतली-बहरोड़, प्रतापगढ़, राजसमंद, सलूंबर, सवाई माधोपुर, सीकर, सिरोही, टोंक और उदयपुर में बारिश के साथ मेघगर्जना-वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में बालोतरा, बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, जालौर, जोधपुर, नागौर, पाली, फलोदी और श्रीगंगानगर में चेतावनी है।
18 सितंबर को बारिश का दायरा और बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 36 जिलों में चेतावनी जारी की है। इस दिन अजमेर, अलवर, बारां, ब्यावर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, डीग, धौलपुर, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटा, कोटपूतली-बहरोड़, प्रतापगढ़, राजसमंद, सलूंबर, सवाई माधोपुर, सीकर, सिरोही, टोंक और उदयपुर के अलावा बालोतरा, बाड़मेर, डीडवाना-कुचामन, जालौर, जोधपुर, नागौर, पाली और फलोदी में अलर्ट है।
19 सितंबर को पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। 26 जिलों में मेघगर्जना, वज्रपात और तेज हवाओं का अलर्ट है। इनमें टोंक, सलूंबर, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, ब्यावर और अजमेर जैसे जिले शामिल हैं, जहां 19 सितंबर तक बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार सौराष्ट्र और आसपास के अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जबकि पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है। पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों से 19 सितंबर के आसपास मानसून की विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने की संभावना है। 20 सितंबर को जिला-वार कोई चेतावनी नहीं है, हालांकि पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। 21 सितंबर से राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है।
Updated on:
17 Sept 2026 06:21 pm
Published on:
17 Sept 2026 06:06 pm
