कोटा

Rajasthan Crime: पति की मौत के बाद अंतिम संस्कार की चल रही थी तैयारी, तभी हुआ पत्नी की खौफनाक साजिश का खुलासा

Rajasthan Crime News: राजस्थान में कोटा के आरकेपुरम क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर पति की गला दबाकर हत्या कर दी।

2 min read
May 02, 2026
Kota Murder Case
मृतक मनोज शर्मा। फोटो: पत्रिका

Kota Murder Case: कोटा। राजस्थान में कोटा के आरकेपुरम क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर पति की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब अंतिम संस्कार के दौरान मृतक के पिता को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अंतिम संस्कार रुकवाकर शव को कब्जे में ले लिया। पत्नी को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि दो आरोपी फरार हैं। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश के लिए जगह-जगह छापेमारी कर रही है।

आरकेपुरम थाना अधिकारी एवं प्रशिक्षु आइपीएस सिद्धार्थ श्रीवास्तव ने बताया कि आंवली निवासी सेवानिवृत्त फौजी मनोज शर्मा (45) की हत्या उसकी पत्नी दीपिका और उसके दो साथियों ने गुरुवार देर रात 12 से 3 बजे के बीच गला दबाकर की। घटना के समय दंपती के दोनों बच्चे घर पर ही मौजूद थे। हत्या के बाद आरोपियों ने मौत को सामान्य दर्शाते हुए अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी।

अंतिम संस्कार की तैयारियों के दौरान पिता को हुआ शक

शुक्रवार सुबह अजमेर के किशनगढ़ से मृतक के पिता बृजमोहन शर्मा और अन्य परिजन पहुंचे। अंतिम संस्कार की तैयारियों के दौरान बृजमोहन को घटनाक्रम पर संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया रुकवाकर शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया। शव का पोस्टमार्टम शनिवार को कराया जाएगा।

विशेष टीम कर रही आरोपियों की तलाश

प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी दीपिका शर्मा को हिरासत में ले लिया है। वारदात में शामिल उसके दो साथियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है। पुलिस की एफएसएल और एमओबी टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

पति-पत्नी में रहता था मनमुटाव

पुलिस उपाधीक्षक मनीष शर्मा ने बताया कि मनोज शर्मा और उसकी पत्नी दीपिका के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। कई बार मनोज द्वारा मारपीट की बात भी सामने आई है। बुधवार रात को भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके बाद दीपिका के दो परिचित घर आए थे। हत्या में शामिल दोनों व्यक्तियों के महिला के साथ संबंधों को लेकर पुलिस जांच कर रही है।

Updated on:
02 May 2026 07:16 am
Published on:
02 May 2026 07:11 am