कोटा

Kota : चोरों की कारस्तानी से इंटरसिटी एक्सप्रेस के पहिए थमे, दिल्ली-मुंबई रेलमार्ग पर 4 घंटे बाधित रहा यातायात, 19 ट्रेनें हुई प्रभावित

Kota : कोटा रेल मंडल में रेलवे के बिजली के तार चुराने वाले गिरोह का आतंक थम नहीं रहा है। चोरों की कारस्तानी की वजह से ओएचई तार इंटरसिटी एक्सप्रेस के पेंटोग्राफ में उलझ गया। जिस वजह से 4 घंटे यातायात बाधित रहा और 19 ट्रेनें प्रभावित हुईं।
2 min read
• •
Updated: 17 Nov 2026, 7:20 PM IST
kota ohe wire entangled pantograph intercity express 19 trains affected
Kota : टूटी हुई ओवरहेड इक्विपमेंट लाइन। फोटो पत्रिका

Kota : कोटा रेल मंडल में रेलवे के बिजली के तार चुराने वाले गिरोह का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार रात एक बार फिर चोरों ने दिल्ली-मुंबई रेलमार्ग पर ओवरहेड इक्विपमेंट (ओएचई) लाइन को निशाना बनाया। आलनिया और दाढ़ देवी स्टेशन के बीच तार काटने की कोशिश के दौरान तार टूटकर नीचे गिर गया और कोटा की ओर आ रही इंदौर-नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस के पेंटोग्राफ में उलझ गया। इससे पेंटोग्राफ क्षतिग्रस्त हो गया और ट्रेन रास्ते में ही खड़ी हो गई। घटना के चलते डाउन लाइन पर करीब चार घंटे रेल यातायात बाधित रहा। इस दौरान कुल 19 ट्रेनें प्रभावित हुईं।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि घटना सोमवार रात करीब 9.40 बजे की है। ट्रेन संख्या 12415 इंदौर-नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस जब घटनास्थल से गुजर रही थी, तभी टूटकर लटक रहा ओएचई तार उसके पेंटोग्राफ में फंस गया। इसके चलते ट्रेन को रोकना पड़ा। सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा ने भी अधिकारियों के साथ घटनास्थल का जायजा लिया।

सिंगल लाइन से निकाली ट्रेनें, रात 1.40 बजे बहाल हुआ यातायात

घटना के बाद दिल्ली-मुंबई रेलमार्ग की डाउन लाइन पर ट्रेनों का संचालन रोकना पड़ा। रेलवे ने वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए सिंगल लाइन से ट्रेनों को निकालना शुरू किया। इसके बावजूद ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा। डाउन लाइन की 15 और दिल्ली की ओर जाने वाली अप लाइन की चार ट्रेनें प्रभावित हुईं। रेलवे की टावर वैगन टीम ने मौके पर पहुंचकर ओएचई लाइन की मरम्मत की। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद रात 1.40 बजे रेल यातायात फिर से सामान्य हो सका।

40 दिन में 5 बार तार चोरी की कोशिश

कोटा मंडल में ओएचई तार काटने और चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। रेलवे के अनुसार 9 अक्टूबर से 16 नवंबर 2026 के बीच ऐसी 5 वारदातें हो चुकी हैं। इनमें रामगंजमंडी-भोपाल रेलखंड के जुल्मी और झालावाड़ सिटी क्षेत्र में एक घटना, दिल्ली-मुंबई रेलमार्ग के आलनिया-दाढ़ देवी सेक्शन में एक घटना तथा कोटा-चित्तौड़गढ़ रेलखंड के बरुंदनी-पारसोली सेक्शन में दो घटनाएं शामिल हैं।

3 आरोपी गिरफ्तार, 89 किलो से ज्यादा तार बरामद

रेलवे सुरक्षा बल ने पुरानी 2 घटनाओं में कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चार अन्य की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है, जबकि छह संदिग्धों से पूछताछ की गई है। कार्रवाई में करीब 32,166 रुपए कीमत का 89.600 किलो ओएचई तार बरामद किया गया। इसके अलावा एक चौपहिया, बाइक, लोहे की बड़ी कैंची, प्लायर और तार काटने के उपकरण भी जब्त किए गए हैं।

रेलवे संपत्ति अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। ताजा घटना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आरपीएफ जांच कर रही है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि तार चोरी करने वाले गिरोह की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Updated on:
17 Nov 2026, 7:20 PM IST
Published on: