कोटा

खुशखबरी: रामगंजमंडी में 63 करोड़ से बनेगा 200 बेड का अस्पताल, लोकसभा अध्यक्ष ने किया शिलान्यास

Ramganjmandi Hospital: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने रामगंजमंडी में जिला अस्पताल भवन का भूमि पूजन और शिलान्यास किया। 63 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला यह 200 बेड का अस्पताल क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देगा।
2 min read
May 23, 2026
Ramganjmandi Hospital
फोटो पत्रिका नेटवर्क

Ramganjmandi Hospital : कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने रामगंजमंडी में जिला अस्पताल भवन का भूमि पूजन और शिलान्यास किया। 63 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला यह 200 बेड का अस्पताल क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देगा। बिरला ने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र में बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।

अब तक गंभीर उपचार के लिए लोगों को कोटा या झालावाड़ जाना पड़ता था, लेकिन आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस अस्पताल के बनने के बाद क्षेत्रवासियों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर इलाज उपलब्ध हो सकेगा। अस्पताल में इमरजेंसी सहित विभिन्न आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि मोबाइल मेडिकल सेवाओं और मेडिकल कैंपों के माध्यम से गांव-गांव तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं, जहां लोगों को नि:शुल्क जांच और दवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। पिछले कुछ वर्षों में रामगंजमंडी क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य किए गए हैं, जिससे आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है।

शिक्षा और तकनीकी संस्थानों का विस्तार

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि रामगंजमंडी में शिक्षा के क्षेत्र में भी लगातार विस्तार किया जा रहा है। यहां सैनिक कन्या विद्यालय, कन्या महाविद्यालय, आइटीआइ, पॉलिटेक्निक, वेद विद्यालय और संस्कृत महाविद्यालय जैसे संस्थानों का विकास किया जा रहा है, ताकि युवाओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर शिक्षा और तकनीकी प्रशिक्षण मिल सके। उन्होंने कहा कि सड़क, रेल और एयर कनेक्टिविटी के क्षेत्र में भी बड़े स्तर पर कार्य हो रहे हैं। दिल्ली-मुंबई रेल लाइन और कोटा एयर कनेक्टिविटी का लाभ भी क्षेत्र को मिलेगा, जिससे आवागमन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध : दिलावर

शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि रामगंजमंडी में जिला अस्पताल भवन का शिलान्यास क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष के सतत प्रयासों और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के सहयोग से यह महत्वपूर्ण परियोजना संभव हो पाई है। दिलावर ने बताया कि अस्पताल को डेढ़ वर्ष में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है तथा इसे आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य हो रहे हैं, जिनका लाभ आने वाली पीढ़ियों को मिलेगा।

Updated on:
23 May 2026 04:26 pm
Published on:
23 May 2026 04:26 pm