कोटा

कोटा में विवाहिता की संदिग्ध अवस्था में मौत, तीन साल पहले किया था प्रेम विवाह

कोटा शहर के आरकेपुरम थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह के तीन साल बाद एक विवाहिता की संदिग्ध अवस्था में मौत का मामला सामने आया है। महिला अपने किराए के मकान में मृत मिली। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

2 min read
Jun 03, 2026
Tonk woman death Kota
मृतक कुसुम बैरवा। फोटो पत्रिका नेटवर्क

कोटा। आरकेपुरम थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह के तीन साल बाद एक विवाहिता की संदिग्ध अवस्था में मौत का मामला सामने आया है। महिला अपने किराए के मकान में मृत मिली। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

एसआइ बाबूलाल ने बताया कि कुसुम बैरवा (21) निवासी टोंक पति संजय सैनी के साथ श्रीनाथपुरम क्षेत्र में किराए के मकान में रहती थी। संजय मूलत: टोंक जिले के नगरफोर्ट निवासी है और कोटा में सब्जी बेचने का काम करता है। वह 31 मई शाम को तरबूज खरीदने के लिए भीलवाड़ा गया था। कुसुम घर पर अकेली थी। मंगलवार दोपहर को वह कोटा लौटा तो मकान का मुख्य गेट बंद मिला। कई बार आवाज लगाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद वह बाउंड्री कूदकर घर के अंदर पहुंचा।

पति पहुंचा तो मृत अवस्था में मिली पत्नी

अंदर कमरे का दरवाजा खुला था और कुसुम मृत अवस्था में मिली। घटना की जानकारी मिलते ही पड़ोसी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर आरकेपुरम थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। पुलिस ने बताया कि शव काफी समय पुराना प्रतीत हो रहा था। प्रारंभिक तौर पर आशंका है कि महिला की मौत 31 मई की रात के आसपास हुई होगी।

शव को न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। पीहर पक्ष के कोटा पहुंचने के बाद बुधवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया। मृतका के पिता रतनलाल ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि कुसुम ने वर्ष 2023 में परिवार की मर्जी के खिलाफ संजय से प्रेम विवाह किया था, जिसके बाद दोनों परिवारों के बीच बातचीत बंद हो गई थी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

सात माह की गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध मौत

बता दें कि डीडवाना-कुचामन के लाडनूं शहर के कुम्हारों का मोहल्ला क्षेत्र में मंगलवार को सात माह की गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मृतका के पीहर पक्ष ने पति और सास पर दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित करने तथा हत्या करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर जांच शुरू कर दी।

Published on:
03 Jun 2026 08:31 pm