कोटा

Kota: भाई के अंतिम संस्कार की चल रही थी तैयारी, तभी आई एक और दुखद खबर; घर में मचा कोहराम

Kota Road Accident: सुबह साइकिल से खेत जा रहे युवक की कार की टक्कर से मौत हो गई। परिवार अभी इस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि उसके अंतिम संस्कार के लिए लकड़ियों की व्यवस्था कर लौट रहे ममेरे भाई को भी दूसरी कार ने टक्कर मार दी।
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 2:32 PM IST
kota road accident
हादसे के बाद मौके पर मौजूद सीमलिया थानाधिकारी व इनसेट में राजेंद्र और शिवचरण। फोटो: पत्रिका

सुल्तानपुर (कोटा)। नेशनल हाईवे-27 पर सीमलिया थाना इलाके में सोमवार का दिन भौरा गांव के एक परिवार के लिए दोहरी त्रासदी भरा रहा। सुबह खेत पर जा रहे साइकिल सवार युवक को एक कार ने टक्कर मार दी। कोटा अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिवार अभी इस हादसे के सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि मृतक के अंतिम संस्कार के लिए मुक्तिधाम से लकड़ियों की व्यवस्था कर लौट रहे उसके मामा के बेटे को भी दूसरी कार ने टक्कर मार दी। दोनों हादसों के घटनास्थलों के बीच महज आधा किमी की दूरी थी। दूसरे हादसे में गंभीर घायल युवक ने भी शाम को कोटा अस्पताल में दम तोड़ दिया। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

सीमलिया थानाधिकारी नंदसिंह ने बताया कि भौरा निवासी राजेंद्र उर्फ राजू अहीरवाल (35) सोमवार सुबह साइकिल से खेत की ओर जा रहा था। नेशनल हाईवे-27 पर भौरा गांव के समीप कार ने उसकी साइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में राजू गंभीर घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही नंदकिशोर मेरोठा ने तत्काल सीमलिया थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से घायल को कोटा अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मृतक के भाई देवेन्द्र अहिरवाल की रिपोर्ट पर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी।

अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटे थे परिजन, तभी हुआ दूसरा हादसा

राजू की मौत के बाद परिजन अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटे थे। इसी दौरान मृतक के मामा का बेटा शिवचरण अहीरवाल (29) लकड़ियों की व्यवस्था कर मुक्तिधाम से वापस लौट रहा था। सुबह 11 बजे नेशनल हाईवे-27 पर एक अन्य कार ने उसे भी टक्कर मार दी। हादसे में शिवचरण गंभीर घायल हो गया। उसे तत्काल एंबुलेंस से कोटा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां शाम चार बजे उसने भी दम तोड़ दिया। देर शाम पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द किया। मृतक के भाई शिवराज ने रिपोर्ट दर्ज करवाई।

अंतिम संस्कार तक के लिए पैसे नहीं, मदद की गुहार

नंदकिशोर मेरोठा ने बताया कि राजू का परिवार बेहद कमजोर आर्थिक स्थिति में है। परिवार के पास अंतिम संस्कार तक के लिए पर्याप्त पैसे नहीं हैं। राजू मजदूरी करके परिवार का गुजारा करता था। एक ही दिन में दो युवकों की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार की आर्थिक सहायता करने और बच्चों के भविष्य को देखते हुए हरसंभव मदद उपलब्ध कराने की मांग की है।