कोटा

असुरक्षित व्यापारी पहुंचे पुलिस के पास, एसपी बोले अब नहीं बचेंगे अपराधी करेंगे ऐसे बंदोबस्त

कोटा. सर्राफा कारोबारी पर जानलेवा हमले की घटना के बाद व्यापारियों में फैली असुरक्षा को दूर करने के लिए शहर पुलिस अधीक्षक ने व्यापारियों से बात की।
2 min read
• •
Updated: 13 Dec 2017, 9:59 PM IST
शहर पुलिस अधीक्षक

सर्राफा कारोबारी पर जानलेवा हमला कर लूट की घटना के बाद व्यापारियों में फैली असुरक्षा को दूर करने और पुलिस पर भरोसा कायम रखने को लेकर शहर पुलिस अधीक्षक अंशुमान भौमिया ने शहर के चारों प्रमुख बाजारों के व्यापारियों से बात की। बाजारों में सुरक्षा बंदोबस्त के बारे में विस्तृत चर्चा की गई। एसपी ने बाजारों में सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा सुरक्षा गार्ड रखने को कहा। बाजारों से अतिक्रमण हटाने के लिए पुलिस जाप्ता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।


एसपी ने रामपुरा कोतवाली में पुलिस अधिकारियों और व्यापारियों के साथ बैठक की और सुरक्षा बंदोबस्तों के बारे में चर्चा की। जनरल मर्चेन्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश जैन ने बताया कि जेपी मार्केट परिसर के अन्तर्गत जीएमए प्लाज़ा, न्यू सर्राफा मार्केट, स्वर्ण रजत मार्केट, न्यू क्लोथ मार्केट के आसपास समाजकंटकों ने जमावड़ा डाल रखा है। व्यापारियों से आए दिन र्दुव्यवहार करते हैं। पुलिस चौकी होने के बाद समाजकंटकों में डर नहीं है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। बसों और टैम्पो का यहां जमावड़ा लगा रहता है। अतिक्रमण बढ़ता ही जा रहा है।

एसपी ने कहा कि अतिक्रमण हटाने के लिए न्यास और नगर निगम पूरा सहयोग करेंगे और जब भी जाप्ता मांगा जाएगा उपलब्ध करवा देंगे। एसपी ने कहा कि आरोपित को जल्द गिरफ्तार कर लेंगे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनंत कुमार ने कहा कि समाजकंटकों पर सख्त कार्रवाई करेंगे। सर्राफा बोर्ड के सचिव गौरव सोनी ने समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक, थानाधिकारी तथा जनरल मर्चेन्ट्स एसोसिएशन के महामंत्री व पार्षद रमेश आहूजा, सर्राफा बोर्ड के सचिव गौरव सोनी, न्यू क्लॉथ मार्केट के सचिव राजेश जैन, संजय जैन, स्वर्ण रजत मार्केट के अध्यक्ष रमेश सोनी, सचिव आत्मदीप आर्य शामिल थे।

Updated on:
13 Dec 2017, 9:59 PM IST
Published on: