
कोटा। राजस्थान के कोटा जिले के सुल्तानपुर में मंगलवार देर रात भाजपा नेता एवं पूर्व पार्षद प्रत्याशी कृष्णकुमार शर्मा (48) पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि चुनावी रंजिश के चलते कार सवार हमलावरों ने पहले उनकी कार को टक्कर मारी और फिर बाहर निकलते ही सरियों, लोहे के पाइप और लाठियों से हमला कर दिया। हमले में कृष्णकुमार के दोनों पैर और एक हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। चेहरे पर भी गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें गंभीर हालत में कोटा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना मंगलवार रात करीब 11 बजे की है। जानकारी के अनुसार, कृष्णकुमार का सुल्तानपुर-भौंरा मार्ग पर रेस्टोरेंट है। रात को वे कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान जींद बाबा कुंड के पास एक कार में सवार होकर आए छह लोगों ने उनकी कार को टक्कर मार दी। कृष्णकुमार को पहले लगा कि यह हादसा है। जैसे ही वे कार से बाहर निकले, हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें तब तक पीटा, जब तक वे बेहोश नहीं हो गए। इसके बाद सभी मौके से फरार हो गए।
घायल कृष्णकुमार को उनके भाई नरेश शर्मा ने अस्पताल पहुंचाया। बताया गया कि नरेश उस समय आसपास ही टहल रहे थे। उन्होंने कृष्णकुमार को घायल अवस्था में देखा और तत्काल अस्पताल लेकर गए। गंभीर चोटों के कारण कृष्णकुमार फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं हैं।
कृष्णकुमार के चचेरे भाई जुगल शर्मा ने हमले के पीछे सितंबर में हुए सुल्तानपुर नगरपालिका चुनाव की रंजिश होने का आरोप लगाया है। कृष्णकुमार ने इस चुनाव में पार्षद पद के लिए भाजपा की ओर से चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। भाजपा कोटा देहात के जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर ने भी चुनावी रंजिश के चलते हमला किए जाने की आशंका जताई है।
इटावा डीएसपी ओमप्रकाश सहरावग के अनुसार, नरेश शर्मा की रिपोर्ट पर दीपांशु झावा, अभिषेक प्रजापति, जीवन मेघवाल, मंगल झावा, विष्णु मेघवाल और सागर सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। बुधवार को कोटा ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जानकारी ली। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।