
कोटा। घर की छत पर रोजमर्रा का काम करने गई एक महिला के साथ रविवार दोपहर ऐसा हादसा हुआ, जिसने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। छत पर कपड़े सुखा रही 28 वर्षीय विवाहिता अचानक बंदरों के झुंड के बीच घिर गई। इसी दौरान एक बंदर उसके ऊपर कूद पड़ा और हमला कर दिया। महिला ने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन अचानक हुए इस हमले से वह बुरी तरह घबरा गई और कुछ ही देर में बेहोश होकर गिर पड़ी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना उद्योग नगर थाना क्षेत्र के कंसुआ स्थित जागाओं के मोहल्ले की है। मृतका की पहचान रेनू भट्ट (28) के रूप में हुई है। वह रविवार दोपहर घर की छत पर कपड़े सुखाने गई थी। इसी दौरान वहां बंदरों की टोली पहुंच गई। प्रत्यक्ष घटनाक्रम के मुताबिक, एक बंदर अचानक रेनू के ऊपर कूद गया। उसने बचाव के लिए पास में रखी लकड़ी उठाई, लेकिन बंदर उसके कंधों पर चढ़ गया और चेहरे तथा पीठ पर पंजे मारने लगा।
रेनू की चीख सुनकर घर के लोग तुरंत छत पर पहुंचे। वहां वह जमीन पर अचेत पड़ी थी। उसके चेहरे और पीठ पर बंदर के पंजों के निशान भी थे। परिजनों ने किसी तरह बंदरों को भगाया और रेनू को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के मुताबिक, डॉक्टरों ने मौत की वजह साइलेंट हार्ट अटैक बताई।
रेनू की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। उसकी छह साल की एक बेटी है। अचानक हुई इस घटना ने बच्ची के सिर से मां का साया छीन लिया। सूचना मिलने पर रिश्तेदार और आसपास के लोग भी परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।
घटना के बाद इलाके में बंदरों के बढ़ते आतंक का मुद्दा भी फिर चर्चा में आ गया है। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि भी पीड़ित परिवार से मुलाकात करने पहुंचे। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में बंदरों की समस्या को लेकर पहले भी शिकायतें की जा चुकी हैं। अब नगर निगम महापौर को ज्ञापन देकर बंदरों को पकड़ने और इलाके के लोगों को राहत दिलाने की मांग की जाएगी।