Violence In Love Affair: तहसील परिसर में हड़कंप मच गया जहां वाहनों में तोड़फोड़ की और कई शीशे भी टूट गए। घटनास्थल पर मौजूद लोग दहशत में आ गए और स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा।
Kota Crime: कोटा शहर के नयापुरा थाना क्षेत्र स्थित लाडपुरा तहसील परिसर में मंगलवार शाम एक गंभीर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ था, जिसमें दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पत्थरबाजी हुई।
इस घटना के बाद तहसील परिसर में हड़कंप मच गया जहां वाहनों में तोड़फोड़ की और कई शीशे भी टूट गए। घटनास्थल पर मौजूद लोग दहशत में आ गए और स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा।
घटना का प्रारंभ एक प्रेम प्रसंग से हुआ था। 4-5 महीने पहले अनंतपुरा क्षेत्र का एक युवक और नयापुरा थाना क्षेत्र के दोस्तपुरा इलाके की युवती घर छोड़कर साथ रहने लगे थे। उनके परिजनों ने इस मुद्दे पर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। बुधवार को युवक और युवती को एसपी ऑफिस लाया गया, जहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। बाद में पुलिस उन्हें लाडपुरा तहसील में मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करने के लिए ले गई।
जैसे ही शाम के वक्त तहसील परिसर में युवक-युवती के परिजन और समर्थक जमा हुए, युवती के पक्ष के लोगों ने युवक के परिवार की कार पर पत्थरबाजी शुरू कर दी।
इससे गाड़ी के शीशे टूट गए। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे से भिड़ गए और हाथापाई शुरू कर दी। इससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपनी जान बचाकर मौके से भागते हुए नजर आए।
घटना की सूचना मिलते ही नयापुरा थाना पुलिस की अतिरिक्त टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। पुलिस ने झगड़ा और हंगामा कर रहे कई लोगों को हिरासत में लिया।
थाना अधिकारी ने बताया कि इस घटना के दौरान पुलिस बल की कमी के कारण स्थिति कुछ देर के लिए नियंत्रण से बाहर हो गई थी लेकिन बाद में पुलिस ने शांति भंग के आरोप में कई लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। नयापुरा थाना अधिकारी के अनुसार युवक-युवती को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किए जाने के दौरान ही यह विवाद हुआ था। फिलहाल पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है और सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।