28 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

15 दिन पुराना Video Viral, भूत-प्रेत नहीं, मानसिक बीमारी से ग्रस्त बालिका की हरकतें, वीडियो बनाने वाले पर FIR

Viral Video Fact Check: रावतभाटा अस्पताल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर ‘भूत-प्रेत’ बताकर वायरल किया जा रहा है, लेकिन हकीकत इससे अलग है।

less than 1 minute read
Google source verification

कोटा

image

Akshita Deora

Apr 28, 2026

Social-Media-Viral-Video-Fact-Check
Play video

वायरल वीडियो से लिया स्क्रीनशॉट: सोशल मीडिया

Rawatbhata Hospital Video: रावतभाटा शहर के उप जिला अस्पताल के जनरल वार्ड में एक बालिका खाली पड़े बेड से होती हुई दीवार तक पहुंच गई। वहां लगे आपातकालीन नंबरों के पोस्टर को छूने लगी और अलग-अलग मुद्राएं बनाते हुए आवाज निकालने लगी।

इससे वार्ड में भर्ती मरीज और परिजन के अलावा ड्यूटी पर तैनात चिकित्साकर्मी परेशान हो गए और किसी तरह बच्ची पर काबू पाया। मामला करीब 15 दिन पुराना है। बच्ची की हरकतों का वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने वीडियो बना लिया और अब सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

वीडियो वायरल होने के बाद गली-मोहल्लों और गांवों तक अस्पताल में भूत-प्रेत का साया समेत अनेकों अफवाहों का दौर शुरू हो गया। अस्पताल प्रशासन ने वीडियो अस्पताल का होने की पुष्टि की है और इसे बनाने वाले के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करने की तैयारी में है।

उप जिला अस्पताल प्रभारी एवं ब्लॉक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ अधिकारी डॉ. अनिल जाटव ने बताया कि करीब 15 दिन पहले मानसिक बीमारी से ग्रस्त एक बालिका को भर्ती किया था। बच्ची को तीन बार कोटा मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया।

माता-पिता उसे किसी झाडफूंक वाले को दिखाना चाह रहे थे। बच्ची की मानसिक स्थिति सही नहीं है, उसे उपचार की जरूरत है। वीडियो बनाकर वायरल करने वाले की पहचान कर ली गई है। उसके खिलाफ एफआइआर दर्ज कराएंगे।

मुश्किल से गुजरी थी वह रात

डॉ. जाटव ने बताया कि उस रात बच्ची अचानक उग्र हो गई थी। वार्ड में भर्ती मरीजों को अन्य वार्डों में शिफ्ट करना पड़ा था। बच्ची ने अपनी मां को भी नोच लिया था। पूरे अस्पताल में अफरा-तफरी थी, वह रात मुश्किल से कटी थी।