
फोटो: पत्रिका
Development Work In Ramganjmandi: रामगंजमंडी उपखंड के लखारिया गांव में रविवार को 184 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण लोकसभाध्यक्ष ओम बिरला ने किया।
इस अवसर पर स्पीकर बिरला ने समारोह को संबोधित करते हुए क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बीते ढाई वर्षों में रामगंजमंडी विधानसभा क्षेत्र में करीब 650 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया जा चुका है।
उन्होंने अपने लंबे जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले यहां के कई गांव तहसील से भी ठीक से जुड़े नहीं थे और किसान कई दशकों से अपने खेतों तक पानी पहुंचने की उम्मीद लगाए बैठे थे। अब वह सपना साकार हो रहा है। कई गांवों तक पानी पहुंच चुका है और शेष गांवों तक भी जल्द पहुंचाया जाएगा।
स्पीकर बिरला ने कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो मध्यप्रदेश से भी पानी लाकर लक्ष्य पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में पेयजल के लिए हर घर तक नल से जल पहुंचाने की योजना पर तेजी से काम किया जा रहा है।
सड़क कनेक्टिविटी को लेकर स्पीकर ओम बिरला ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में 157 करोड़ रुपए के कार्य प्रगति पर हैं। पहले जहां लोग 5 किलोमीटर सड़क के लिए संघर्ष करते थे, वहीं अब आधुनिक डिवाइडरयुक्त सड़कें बन चुकी हैं।
बेहतर कनेक्टिविटी से उज्जैन के महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग तक ढाई घंटे में पहुंचना संभव होगा, जबकि मुंबई और दिल्ली की दूरी भी काफी कम समय में तय की जा सकेगी। ऐसे में कुछ घंटों में ही रामगंजमंडी से दिल्ली-मुंबई पहुंच पाएंगे।
उन्होंने कहा कि पहले राजनीति पक्षपात के आधार पर चलती थी और छोटी-छोटी आवश्यकताओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ता था लेकिन अब विकास कार्य बिना भेदभाव के किए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य है कि पांच वर्षों में जनता की सभी प्रमुख अपेक्षाएं पूरी की जाएं।
स्वास्थ्य सेवाओं पर बात करते हुए बिरला ने बताया कि आगामी महीनों में 63 करोड़ रुपए की लागत से जिला अस्पताल के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर उपचार मिल सकेगा। इसके साथ ही मोबाइल मेडिकल वैन के माध्यम से घर-घर 27 प्रकार की जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
रामगंजमंडी को विकसित करें शिक्षा मॉडल के रूप में –: शिक्षा के क्षेत्र में प्रगति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कॉलेज, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, सैनिक स्कूल, संस्कृत विद्यालय और कन्या महाविद्यालय स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने शिक्षा मंत्री मदन दिलावर से अपेक्षा जताई कि रामगंजमंडी को शिक्षा के क्षेत्र में एक मॉडल के रूप में विकसित किया जाए।
ग्रामीण विकास को लेकर उन्होंने घोषणा की कि प्रत्येक पंचायत स्तर पर 50 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन बनाए जाएंगे और हर क्षेत्र में खेल मैदान विकसित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी और भविष्य में 20 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक खेल स्टेडियम भी बनाया जाएगा। इस दौरान उन्होंने एक किस्सा साझा करते हुए बताया कि एक समय ऐसा था जब वे सांसद रहते हुए 4.5 करोड़ रुपये के स्टेडियम के लिए संघर्ष कर रहे थे, लेकिन अब समय बदल चुका है और संसदीय क्षेत्र में दर्जनों स्टेडियम बन चुके हैं तथा कई और बनाए जाएंगे।
उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि अब तक के कार्यों और आने वाले पांच वर्षों के विकास का आकलन स्वयं जनता करे। उनका उद्देश्य है कि हर व्यक्ति स्वस्थ और शिक्षित हो, किसान समृद्ध बने और मजदूर को उचित मजदूरी मिले। अंत में उन्होंने कहा कि रामगंजमंडी का धनिया और कोटा स्टोन पूरे देश में अपनी पहचान रखते हैं।
यह क्षेत्र विकास के स्वर्णिम काल में प्रवेश कर चुका है और आने वाले समय में 40 करोड़ रुपये के अतिरिक्त विकास कार्य भी किए जाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कार्यों में थोड़ी देरी हो सकती है, लेकिन परिणाम निश्चित रूप से सामने आएंगे। समारोह को शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, भाजपा जिलाध्य्क्ष प्रेम गोचर ने सम्बोधित किया।
Updated on:
27 Apr 2026 11:35 am
Published on:
27 Apr 2026 11:34 am
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
