
कोटा जिले में नेशनल हाईवे-27 पर देर रात एक सड़क हादसा हुआ जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। कोटा के सिमलिया थाना क्षेत्र के पोलाई कला के पास हुए इस हादसे में कार सवार एक पिता की मौके पर ही मौत हो गई और उसका बेटा और 2 महिलाएं घायल हो गई। दरअसल कार के आगे चल रहे एक ट्रक का टायर अचानक निकल गया जिसके कारण पीछे आ रही कार उसका शिकार हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गुजरात के मेहसाणा से उत्तर प्रदेश के जालौन जा रही एक कार में एक ही परिवार के 4 लोग सवार थे। इनमें पिता-पुत्र और 2 महिलाएं शामिल थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक देर रात पोलाई कला के पास आगे चल रहे ट्रक का एक टायर अचानक निकलकर सड़क पर आ गया। जिससे पीछे चल रही कार उस टायर से टकरा गई और चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका। टायर से टकराने के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क पर काफी दूर तक घिसटती चली गई और फिर सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार में आगे बैठे 45 साल के पप्पू पुत्र हरचरण कुशवाह निवासी जालौन (उत्तर प्रदेश) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कार चला रहे उनके बेटे मनीष कुशवाह को हल्की चोटें आईं। कार में सवार दोनों महिलाओं को भी मामूली चोटें लगी हैं।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। आसपास की फैक्ट्री के कर्मचारियों और ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। इसके बाद 108 एंबुलेंस और सिमलिया थाना पुलिस को सूचना दी गई। एंबुलेंस की सहायता से घायलों को इलाज के लिए कोटा भेजा। 108 एंबुलेंस के नर्सिंग स्टाफ ने बताया कि हादसा बेहद गंभीर था और घटनास्थल का दृश्य भी काफी दर्दनाक था। जिसमें मृतक युवक का आधा सिर धड़ से अलग होकर सड़क पर पड़ा था। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
(खबर अपडेट की जा रही है।)