कोटा

मेघवाल समाज ने किया जंग का ऐलान, गुंजल को दी चेतावनी-चुनाव में बताएंगे कौन है दो कौड़ी का MLA

विधायक चंद्रकांता मेघवाल पर अशोभनीय टिप्पणी करने के मामले में मेघवाल समाज ने विधायक प्रहलाद गुंजल के खिलाफ जंग छेड़ दी है।
2 min read
• •
Updated: 15 May 2018, 9:29 PM IST
 MLA Prahlad Gunjal

कोटा . रामगंजमंडी विधायक चंद्रकांता मेघवाल पर अशोभनीय टिप्पणी करने के मामले में मेघवाल समाज ने कोटा उत्तर विधायक प्रहलाद गुंजल के खिलाफ जंग छेड़ दी है। बुधवार को नदीपार क्षेत्र के मेघवाल युवा जागृति मंच के अध्यक्ष अजय मेघवाल के नेतृत्व बूंदी रोड स्थित सेंट जॉन स्कूल के सामने विरोध प्रदर्शन किया गया।

इस दौरान अजय मेघवाल ने कहा कि विधायक गुंजल ने समाज की विधायक को जिस प्रकार से अपमानित किया है उससे दलित समाज में आक्रोश है। इसका परिणाम विधायक गुंजल को आगामी विधानसभा चुनाव में भुगतना पड़ेगा। आगामी विधानसभा चुनाव में मेघवाल समाज गुंजल का खुला विरोध करेगा। इस दौरान गिर्राज, अशोक, हेमराज, अविनाश, अनूप कुमार, नरेश, बिट्टू, राजपाल, पवन, चंद्रप्रकाश, लोकेश, संदीप, बृजेश मीणा, भगवती प्रसाद, रामस्वरूप, महावीर प्रसाद, प्रिंस, अरविंद, विष्णु, नरेश मेघवाल आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।

झुंझुनू जिलाध्यक्ष ने की दंडात्मक कार्रवाई की मांग

मामले में झुन्झूनु के भाजपा एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र मेघवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह , मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को पत्र भेज कर कोटा में दलित विधायक भरी सभा में अपमानित करने वाले कोटा उत्तर विधायक को पार्टी से निष्काषित करने व उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाने की मांग की।

सुरेंद्र ने पत्र में बताया कि चंद्रकांता मृदुभाषी मिलनसार महिला होने के कारण ही रामगंजमंडी विधानसभा क्षेत्र से तीसरी बार विधायक बनकर विधानसभा में पहुंची है। जबकि विधायक प्रहलाद गुंजल हमेशा से ही विवादों में घिरे रहे हैं। विधायक गुंजल द्वारा की गई टिप्पणी से मेघवाल समाज की भावनाएं आहत हुई है। ऐसे विधायक पर पार्टी द्वारा कार्रवाई की जानी चाहिए।

Published on: