
Rajasthan Weather Update: राजस्थान के कोटा जिले में सुबह से ही रिमझिम बारिश का दौर जारी है। प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। मौसम विभाग के अनुसार 9 जुलाई को कोटा और भरतपुर संभाग के कुछ भागों में मध्यम से भारी तथा कहीं-कहीं अति भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं शेष अधिकांश इलाकों में भी मध्यम से कहीं-कहीं तेज बारिश के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को राज्य के पूर्वी भाग में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम तथा कहीं-कहीं भारी वर्षा दर्ज की गई। वहीं पश्चिमी राजस्थान के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं भारी वर्षा हुई। आगामी दो से तीन दिन तक मानसून सक्रिय रहेगा, लेकिन 11 जुलाई से अगले एक सप्ताह तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की प्रबल संभावना है। इस दौरान केवल उत्तरी और पूर्वी राजस्थान के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, जबकि शेष क्षेत्रों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने के आसार हैं।
बुधवार को राजस्थान के 14 शहरों में हल्की से भारी बारिश दर्ज की गई। जयपुर में उमस ने लोगों को परेशान किया, जबकि फलौदी, पाली, चित्तौड़गढ़, भरतपुर और करौली में मूसलाधार बारिश हुई। तेज बारिश के कारण कई स्थानों पर सड़कें दरिया बन गईं और स्कूलों, दुकानों तथा मकानों में पानी भर गया।
मौसम विभाग का कहना है कि 11 जुलाई से आगामी एक सप्ताह तक अधिकांश भागों में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ेंगी। केवल उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है, जबकि बाकी प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा। बारिश के चलते प्रदेश के अधिकांश शहरों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। जैसलमेर और श्रीगंगानगर को छोड़कर सभी प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। जैसलमेर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री और न्यूनतम 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कई शहरों में तापमान में करीब आठ डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई।
अलवर, चित्तौड़गढ़, डबोक, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, भरतपुर, चूरू, दौसा, धौलपुर, झालावाड़, करौली, सीकर, टोंक और कोटा सहित कई स्थानों पर अच्छी बारिश दर्ज की गई।
जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि प्रदेश में कई स्थानों पर मेघगर्जन और झोंकेदार हवाएं भी चलीं। वर्तमान में दक्षिण-पूर्वी मध्यप्रदेश के ऊपर बना वेल मार्क लो प्रेशर उत्तर-पश्चिम मध्यप्रदेश और आसपास के उत्तर प्रदेश क्षेत्र के ऊपर स्थित है। इसके अगले 24 घंटों में उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने और वेल मार्क लो प्रेशर बने रहने की संभावना है। इसी सिस्टम के प्रभाव से 9 जुलाई को कोटा और भरतपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में मध्यम से भारी तथा कहीं-कहीं अति भारी बारिश हो सकती है।
अजमेर में 42.1, वनस्थली में 17.1, अलवर में 28.8, पिलानी में 13.2, डबोक में 22.9, फलौदी में 55.8, नागौर में 11.5, पाली में 110.5 और प्रतापगढ़ में 22.5 एमएम बारिश दर्ज की गई।