कोटा

Rahul Gandhi Kota Visit: कल ट्रेन से कोटा पहुंचेंगे राहुल गांधी, छात्र संवाद कार्यक्रम से पहले होगा म्यूजिक कॉन्सर्ट

Congress Nationwide Movement For Students: कोटा में होने वाला राहुल गांधी का यह कार्यक्रम पूरी तरह युवाओं और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित रहेगा। कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुति से होगी, जिसके बाद छात्र संवाद में सीधा संवाद किया जाएगा।

2 min read
Jun 16, 2026
Rahul gandhi
राहुल गांधी (फोटो: ANI)

Rajasthan News: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी कल यानी 17 जून को नीट पेपर गड़बड़ी, परीक्षाओं में धांधली, पेपर लीक समेत अन्य मुद्दों को लेकर शिक्षा नगरी कोटा में छात्र संवाद-कोटा महारैली में शिरकत करेंगे। यहां से युवाओं के मुद्दों को लेकर देशव्यापी आंदोलन का ऐलान करेंगे। कोटा महारैली को लेकर कांग्रेस पदाधिकारियों ने तैयारियां जोरों पर शुरू कर दी हैं।

छात्र संवाद कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सोमवार को वरिष्ठ नेताओं और AICC से आई टीम की संयुक्त बैठक स्टेशन रोड स्थित एक होटल में आयोजित की गई। बैठक में राहुल गांधी की कोर टीम ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए सभी व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। टीम ने कहा कि यह कार्यक्रम पूरी तरह छात्रों पर केंद्रित होगा और राहुल गांधी युवाओं के सवालों का सीधा जवाब देंगे।

राहुल गांधी नई दिल्ली से ट्रेन से शाम साढ़े पांच बजे कोटा पहुंचेंगे। स्टेशन से सीधे दशहरा मैदान श्रीराम रंगमंच पर पहुंचेंगे। पहले म्यूजिक कॉन्सर्ट प्रोग्राम में पॉप सिंगर लश्करी और पॉप सिंगर कर्मा प्रस्तुति देंगे। इसके बाद राहुल गांधी छात्रों से संवाद करेंगे। ये कार्यक्रम रात 9.30 बजे तक प्रस्तावित है। रात को ही ट्रेन से दिल्ली प्रस्थान कर जाएंगे। शहर अध्यक्ष राखी गौतम और देहात अध्यक्ष भानुप्रतापसिंह ने बताया कि तैयारियां जोरों पर चल रही है। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में छात्र-छात्राओं एवं महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

राहुल गांधी ने लिखा, इसलिए कोटा आ रहा हूं

राहुल गांधी ने एक्स पर 17 जून के कोटा कार्यक्रम को लेकर अपने विचार साझा किए। इसमें लिखा कि देश के हर युवा से मेरी एक बात- आज इस देश में मेहनत का फल नहीं, सपने देखने की सजा मिलती है। हर पेपर लीक, हर रद्द परीक्षा, हर अधूरी भर्ती सिर्फ सिस्टम की विफलता नहीं, लाखों सपनों पर प्रहार है। मैं जानता हूं आप थक चुके हैं। गुस्से में हैं। पर याद रखिए-जब सरकार सुनने को तैयार न हो, तब आवाज ऊंची करनी पड़ती है। इसलिए मैं आप सबको बुला रहा हूं 17 जून, कोटा। छात्रों की गूंज। आइए, मिलकर एक ऐसी हुंकार बनें जिसे अनसुना करना नामुमकिन हो। कोटा से शुरुआत-फिर देश के हर कोने तक। ये आपके भविष्य की लड़ाई है। और मैं आपके साथ हूं।

Updated on:
16 Jun 2026 07:59 am
Published on:
16 Jun 2026 07:53 am