
बूंदी. शहर के चित्तौड़ रोड चौराहा स्थित डॉ.व्यास नर्सिंग होम आईयूआई एंड रिसर्च सेंटर में डॉ. लाज व्यास को भ्रूण परीक्षण करते मंगलवार शाम जयपुर पीबीआई थाना व हाड़ौती की पीसीपीएनडीटी टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर दिया। मौके से दलाल सुनील शर्मा को भी गिरफ्तार किया है। चिकित्सक से 13 हजार व दलाल के पास से 5 हजार रुपए बरामद किए हैं।
पीसीपीएनडीटी जिला समन्वयक राजीव लोचन गौतम ने बताया कि भ्रूण परीक्षण के लिए बोगस ग्राहक की दलाल सुनील शर्मा से बात चल रही थी। 18 हजार रुपए में भ्रूण परीक्षण करने का सौदा तय हुआ। ऐसे में दलाल के बुलाने पर गर्भवती महिला के पेट में पल रहे बच्चे की लिंगजांच करवाकर अनाधिकृत रूप से गर्भ समापन कराने के लिए नर्सिंगहोम भेजा गया, जहां डॉ.लॉज व्यास ने गर्भवती महिला की सोनोग्राफी जांच की और गर्भ में लड़की होने की बात कही।
इसके बाद टीम ने डॉ. व्यास व सुनील शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। भ्रूण परीक्षण की एवज में ली गई राशि भी बरामद कर ली गई। कार्रवाई मिशन निदेशक एनएचएम नवीन जैन के निर्देशन में हुई।
Read More:
नियम विरुद्ध चला रही थी मशीन
पीसीपीएनडीटी जांच दल ने बताया कि नर्सिंगहोम में सोनोग्राफी जांच मशीन डॉ. लाज व्यास के पति डॉ.बी.एस.व्यास के नाम से अधिकृत है। जांच दल ने सोनोग्राफी मशीन से भ्रूण परीक्षण करते हुए महिला चिकित्सक को पकड़ा। उसने सोनोग्राफी करने से पहले गर्भवती का फार्म एफ भी नहीं भरा। ना ही पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत रिकार्ड में इंद्राज किया। टीम नर्सिंगहोम से सोनोग्राफी मशीन को जब्त कर साथ ले गई।
Read More:
कोटा से कर रहे थे निगरानी
डॉ. लाज व्यास के बारे में लंबे समय से भ्रूण परीक्षण की शिकायतें मिल रही थी। पीसीपीएनडीटी ब्यूरो ऑफ इंवेस्टीगेशन के थाना प्रभारी पूरणमल यादव, हेड कांस्टेबल डालचंद, लालाराम, कांस्टेबल विजयपाल सिंह, बूंदी पीसीपीएनडीटी जिला समन्वयक राजीव लोचन गौतम, कोटा की जिला समन्वयक प्रमोद कंवर, झालावाड़ के जिला समन्वयक प्रभु एरवाल व बारां के जिला समन्वयक दीपक जैन की जयपुर से संयुक्त टीम बनाई गई। पूरी टीम बूंदी में कार्रवाई के लिए कोटा में रुकी। ताकि कार्रवाई की भनक नहीं लगे।
Read More:
बार-बार बुला रहा था दलाल
सूत्रों के अनुसार, बीते 25 दिनों से दलाल व गर्भवती महिला के परिजन की बात चल रही थी। भ्रूण परीक्षण के लिए पहले 6 अगस्त की तारीख तय हुई, लेकिन उस दिन काम नहीं हो पाया। इसके बाद रक्षाबंधन के दिन भी दलाल ने बुलाया। मंगलवार को दलाल के फोन करते ही कार्रवाई को अंजाम दे दिया गया।
डॉ. व्यास राज्य सेवा से हुई थी बर्खास्त
वर्ष 2007 में एक न्यूज चैनल के स्ट्रिंग ऑपरेशन में डॉ.लॉज व्यास का भ्रूण परीक्षण करने को लेकर विडियो उजागर हुआ था। इस मामले में वर्ष 2012 में सदर थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। इस मामले में राज्य सरकार ने डॉ. व्यास को सरकारी सेवा से बर्खास्त कर दिया।