
कोटा .
मकबरा थाना क्षेत्र में अवैध हथियार लेकर वारदात की फिराक में घूम रहे एक जने को पुलिस ने मंगलवार रात गिरफ्तार किया। बुधवार को उसे अदालत में पेशकर एक दिन के रिमांड पर लिया है। थानाधिकारी शौकत खान ने बताया कि रात को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति चंद्रघटा इलाके में घूम रहा है। उसके पास हथियार भी है।
सूचना पर वे मय जाप्ते के मौके पर पहुंचे और उसे पकड़ लिया। उसने अपना नाम पता चंद्रघटा निवासी मुंतजीर अली खान (28) उर्फ गोलू बताया। उसकी पेंट की जेब से एक पिस्टल बरामद हुई जिसमें 4 जिंदा कारतूस लोडेड थे। साथ ही एक चाकू भी बरामद किया गया। पुलिस ने आम्र्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया।
Read More:खुशखबरी: कोटा जंक्शन से चलेगी दो स्पेशल ट्रेनें, यात्रियों को मिलेगी सुविधा
सीआई ने बताया कि मुंतजीर रामपुरा कोतवाली थाना क्षेत्र में वर्ष 2011 में हुए कफिल हत्याकांड का आरोपित है। उस मामले में 3 साल से फरार होने पर पुलिस अधीक्षक ने उसकी गिरफ्तारी पर एक हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने बुधवार को आरोपित को अदालत में पेश किया। वहां से उसे एक दिन के रिमांड पर लिया है। उससे हथियार लाने के बारे में पूछताछ की जा रही है।
Read More:ट्रक में ठूस-ठूस भरे हुए थे गौवंश, चालक-खलासी मौके से भागे
यात्रियों का सामान चोरी करने व खरीदने के आरोपित गिरफ्तार
रेलवे में यात्रियों के बुकशुदा सामान चोरी करने व चोरी का सामान खरीदने वाली महिला को आरपीएफ ने गिरफ्तार किया है।
आरपीएफ पोस्ट प्रभारी मनीष शर्मा ने बताया कि रेलवे में बुकशुदा सामान में से प्लेटफॉर्म नम्बर 4 से दो साडिय़ां चोरी करने के मामले में रविवार को गुना के चाचौड़ा निवासी घनश्याम शिल्पकार (43) को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसने 23 मार्च की रात को भी प्लेटफॉर्म 4 से बुकशुदा सामान में से महिलाओं के वस्त्र चोरी किए थे।
उन वस्त्रों को उसने उज्जैन निवासी रशीदा व उसके पुत्र अमजद को बेच दिए थे। आरोपित को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था। घनश्याम की निशानदेही पर ही बुधवार को उज्जैन से रशीदा को गिरफ्तार किया गया। दोनों को बुधवार को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। इस मामले में चोरी गया माल बरामद करने और रशीदा के पुत्र अमजद की तलाश की जा रही है।