कोटा

Ground Report: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे की हकीकत, 105 KM में 100 जगह गड्ढे; 60 की रफ्तार भी सुरक्षित नहीं

Delhi-Mumbai Expressway: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे महत्वाकांक्षी सड़क परियोजनाओं में शामिल है, लेकिन जिले से गुजरने वाले इस एक्सप्रेस-वे पर सफर करना अब जोखिम भरा होता जा रहा है।
2 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 2:53 PM IST
Delhi-Mumbai Expressway
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर जगह-जगह गड्ढे। फोटो: पत्रिका

कोटा। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे महत्वाकांक्षी सड़क परियोजनाओं में शामिल है, लेकिन जिले से गुजरने वाले इस एक्सप्रेस-वे पर सफर करना अब जोखिम भरा होता जा रहा है। कई जगह सड़क पर गहरे गड्ढे हैं तो कहीं सड़क धंसने और ऊंचाई में बदलाव से वाहन असंतुलित हो रहे हैं। हालात को देखते हुए कोटा ग्रामीण पुलिस ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) को रिपोर्ट भेजी है।

कोटा ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने एनएचएआइ और क्षेत्रीय अधिकारी को पत्र लिखकर एक्सप्रेस-वे की स्थिति से अवगत कराया है। साथ में जीपीएस कैमरे से लिए गए 100 से अधिक फोटो और वीडियो भी भेजे हैं। रिपोर्ट के अनुसार जिले में एक्सप्रेस-वे का 105 किलोमीटर हिस्सा है। एक्सप्रेस-वे पर अलग-अलग हिस्सों में 120, 100 और 80 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति सीमा निर्धारित है, लेकिन कई स्थानों पर 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चलना भी सुरक्षित नहीं है।

68 हादसे, 67 की मौत

रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2024 से नवंबर 2026 तक एक्सप्रेस-वे पर 68 दुर्घटनाओं में 67 लोगों की मौत और 91 लोग घायल हुए। वर्ष 2026 में अब तक 40 हादसों में 34 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 51 घायल हुए हैं।

पुलिया और खुले नालों पर भी चिंता

रिपोर्ट में ओपन स्काई पुलिया के नीचे सड़क, नहर और नालों के आसपास सुरक्षा दीवारों की ऊंचाई बढ़ाने तथा खुले हिस्सों को सुरक्षित करने की सिफारिश की गई है। इधर, कोटा परियोजना निदेशक संदीप अग्रवाल ने बताया कि पुलिस का पत्र मिलने के बाद जो जो खामियां बताई गई हैं उन्हें दुरुस्त करने का कार्य शुरू कर दिया है।

बिगड़ता संतुलन

निर्धारित गति पर वाहन चलाने के बावजूद गड्ढे आने से चालक नियंत्रण खो बैठते हैं, वाहनों की टक्कर का खतरा रहता है। मंडाना-बालापुरा और कराडिया-मंडावरा के बीच कई स्थानों पर सड़क पर तेज रफ्तार वाहन उछल सकते हैं।

पत्रिका ने प्रमुखता से उठाया था मुद्दा

राजस्थान पत्रिका ने दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस-वे की दुर्दशा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद 8 जुलाई 2026 को केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सड़क मार्ग से कोटा पहुंचे और एक्सप्रेस-वे का दौरा कर जायजा लिया था।