कोटा

Crime News: राजस्थान की नं. 1 पुलिस ने 3 दिन में ढूंढ निकाला कार चोर, एक की जगह दो कारें बरामद

कोटा. तीन दिन पहले दिनदहाड़े रेलवे अधिकारी की कार चोरी करने के आरोपित को आरपीएफ की टीम ने गुरुवार को बूंदी से गिरफ्तार कर दो कारें बरामद की।
2 min read
Jan 12, 2018
Kota Police

भीमगंजमंडी थाना क्षेत्र स्थित मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय से तीन दिन पहले दिनदहाड़े रेलवे अधिकारी की कार चोरी करने के आरोपित को आरपीएफ की टीम ने गुरुवार को बूंदी से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उससे कोटा से चोरी की गई दो कारें बरामद कर ली है।


आरपीएफ के पोस्ट प्रभारी निरीक्षक मनीष शर्मा ने बताया कि 8 जनवरी को दिन में डीआरएम कार्यालय से वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक विजय प्रकाश की सरकारी टवेरा कार चोरी हो गई थी। सीसीटीवी कैमरे में चोरी की घटना और चोर के फुटेज आ रहे थे। चालक की रिपोर्ट पर आरोपित के खिलाफ भीमगंजमंडी और आरपीएफ थाने में मामला दर्ज किया था। मामले की गम्भीरता को देखते हुए वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त आर. एस.पी. सिंह ने सहायक सुरक्षा आयुक्त वंशराज सरोज के नेतृत्व में एक टीम गठित की।

इसमें निरीक्षक प्रताप सिंह व राजीव खरब को भी शामिल किया। टीम को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर टीम बूंदी गई। वहां से कार चोरी के आरोपित इंदिरा कॉलोनी बूंदी निवासी राजेन्द्र मीणा उर्फ राजू (44)को गिरफ्तार किया। उससे चोरी गई कार भी बरामद की। आरोपित से पूछताछ की जा रही है।

नम्बर प्लेट बदली
आरोपित ने कार की नम्बर प्लेट बदल दी। उससे पुरानी नम्बर प्लेट भी बरामद कर ली। पूछताछ में राजेन्द्र ने बताया कि वह ड्राइवर है और बूंदी में चोरी की गई कारों को टैक्सी के रूप में चलाना चाहता था। इसलिए वह गाडिय़ां चोरी करने लगा। वह कार चोरी कर उनकी नम्बर प्लेट बदल देता था।

पहले चोरी हुई कार भी बरामद
निरीक्षक मनीष शर्मा ने बताया कि 9 जुलाई 2016 को रेलवे कॉलोनी कोटा से रेलवे अधिकारी की कार चोरी हुई थी। जिसका मामला भी उनके यहां दर्ज है। आरोपित से वह कार भी बरामद कर ली है। कोटा से चोरी तीन में से दो कारें बरामद हो गई हैं।

पुलिस भी लगातार कर रही थी तलाश
भीमगंजमंडी सीआई राम खिलाड़ी मीणा ने बताया कि पुलिस चोर व कार को तलाश रही थी। सीसीटवी कैमरे व लोकेशन के आधार पर कार का केशवरायपाटन की तरफ जाना पता चला था। इसके आधार पर उस दिशा में काम किया। इसी बीच आरपीएफ ने आरोपित को पकड़ लिया। इस मामले में आरपीएफ व पुलिस थाने में प्रकरण दर्ज था।

Published on:
12 Jan 2018 04:36 pm